रामलाल ठाकुर को आया हाईकमान का बुलावा, सौंपी जा सकती है बड़ी जिम्मेदारी

Thursday, Nov 21, 2019 - 11:14 PM (IST)

बिलासपुर (ब्यूरो): प्रदेश कांग्रेस व जिला कांग्रेस कमेटियों के भंग हो जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस में नए समीकरण बनना शुरू हो गए हैं। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को गत दिवस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा भंग कर दिया गया। इसी बीच बुधवार शाम को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के कार्यालय से उनके निजी सचिव का कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नयनादेवी के विधायक रामलाल ठाकुर को फोन आया तथा उन्हें जल्द दिल्ली आने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि रामलाल ठाकुर को प्रदेश में नई जिम्मेदारी दिए जाने की तैयारी हो चुकी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर आगामी 2-3 दिनों के भीतर दिल्ली जा सकते हैं।

इससे पहले भी रामलाल ठाकुर को करीब 20 दिन पहले भी दिल्ली तलब किया गया था तथा उनसे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश की राजनीति व कांग्रेस संगठन को लेकर चर्चा की है। रामलाल ठाकुर ने फोन आने की पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने फोन पर हुई बातचीत का ब्यौरा देने से मना कर दिया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक गत दिवस रामलाल ठाकुर की पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव केसी वेणूगोपाल से भी चर्चा हुई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक रामलाल ठाकुर को बार-बार दिल्ली तलब किया जाना उनको किसी बड़े ओहदे से नवाजे जाने की ओर इशारा कर रहा है।

बदले राजनीतिक परिवेश में सोशल मीडिया पर तो रामलाल ठाकुर को अगला कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष बना दिया गया है। सोशल मीडिया में वायरल हो रही पोस्ट में कहा जा रहा है कि अब मात्र घोषणा होने की रस्म ही अदा होगी। इतना ही नहीं, इस पोस्ट में कहा गया है कि रामलाल ठाकुर ने छात्र राजनीति से अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया तथा वे विभिन्न पदों पर रहे, जिस कारण उन्हें ग्रास रूट का पूरा अनुभव है। गत लोकसभा चुनाव में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव से पीछे हटने पर रामलाल ठाकुर को प्रत्याशी बनाया गया था, जिस कारण उन्हें संगठन का आदमी माना जाता है।

वायरल हुई इस पोस्ट में कहा गया है कि रामलाल ठाकुर बिलासपुर से संबंधित हैं। इस कारण ऊपर व नीचे का किस्सा भी समाप्त हो जाएगा। इतना ही नहीं, इस पोस्ट में तो विधानसभा में कांग्रेस पार्टी का पक्ष रखने और सरकार का विरोध करने में सबसे आगे रहने का श्रेय भी रामलाल ठाकुर को दिया गया है तथा कहा गया है कि अपने लंबे अनुभव से रामलाल ठाकुर प्रदेश कांग्रेस में व्याप्त गुटबाजी पर विराम लगा सकते हैं। वहीं रामलाल ठाकुर ने कहा कि वे जल्द ही दिल्ली जाएंगे।

Vijay