हाईकमान ने हिमाचल कांग्रेस में किया फेरबदल, पढ़ें पूरी खबर

Friday, Dec 02, 2016 - 06:08 PM (IST)

शिमला: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी में फेरबदल किया है। इसके तहत हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस में 3 उपाध्यक्ष और 2 महासचिव नियुक्त करते हुए 3 जिला अध्यक्ष बनाए हैं। ए.आई.सी.सी. के महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने इस आशय की अधिसूचना जारी की है। ए.आई.सी.सी. ने प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चैयरमैन नरेश चौहान, जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष केहर सिंह खाची व सुंदरनगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष टेक चंद डोगरा को प्रमोशन दी है। 

पार्टी हाईकमान ने केहर सिंह खाची को जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण तथा टेक चंद डोगरा को सुंदरनगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हटाते हुए अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष पद का जिम्मा सौंपा है। इसी तरह मंडी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर को भी पी.सी.सी. में उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही पी.सी.सी. के मुख्य प्रवक्ता नरेश चौहान तथा अर्की कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय अवस्थी को प्रदेश कांग्र्रेस कमेटी का महासचिव नियुक्त किया गया है। 

आगामी विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश कांग्रेस में यह फेरबदल किया गया है। विशेष है कि हिमाचल कांग्रेस में पहले ही 9 उपाध्यक्ष व 8 महासचिव कार्यरत हैं, ऐसे में अब संगठन में 12 उपाध्यक्ष व 10 महासचिवों की टीम खड़ी हो गई है। नरेश चौहान ने अपनी उक्त नियुक्ति के लिए पार्टी हाईकमान सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है।

इन्हें मिली जिला कांग्रेस की कमान
ए.आई.सी.सी. के महासचिव जनार्दन द्विवेदी की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रकाश ठाकुर को जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी तरह दीपक शर्मा को जिला कांग्रेस कमेटी मंडी और पवन ठाकुर को सुंदरनगर कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी।