यहां हर माह एक महिला के साथ हो रहा ये अत्याचार, पढ़ें खबर

Wednesday, Jan 10, 2018 - 11:21 PM (IST)

कुल्लू: कुल्लू में महिलाओं के साथ बढ़ती अत्याचार की घटनाओं ने सबको हिलाकर रख दिया है। शांत वादियों में उम्मीदों से कहीं बढ़कर ऐसी वारदातें हो रही हैं, जिनमें महिलाओं को शिकार बनाया जा रहा है। इस कारण महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस करने लगी हैं। गौर किया जाए तो जिला में पिछले साल हर महीने एक महिला ने सुसाइड किया या उसकी हत्या कर दी गई। जिलाभर में 9 महिलाओं ने आत्महत्या कर मौत को गले लगा लिया। मर्डर की कुल 9 वारदातों में से 3 महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया गया। इनमें एक बच्ची भी शामिल है, जिसे सरवरी पुल के ऊपर से नदी में फैंककर मार दिया गया। इसके अलावा 2017 से अब तक 19 महिलाओं को रेप की वारदातों का शिकार होना पड़ा है।

विदेशी महिलाएं भी महसूस कर रहीं खतरा
कुल्लू में हुई महिलाओं के साथ ऐसी वारदातों से लोग सकते में हैं। लोगों का कहना है कि कुल्लू-मनाली सहित जिला की अन्य वादियां शांति के लिए जानी जाती हैं। देश ही नहीं बल्कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों से सैलानी यहां सैर-सपाटा करने व मैडीटेशन के लिए आते हैं। इसके विपरीत यहां हो रही वारदातें लोगों को भयभीत भी कर रही हैं। इससे यहां सैर-सपाटा करने से विदेशी महिलाएं भी कतराने लगी हैं।

निर्भया मामले का पटाक्षेप बड़ी कामयाबी
महिलाओं से दुष्कर्म और हत्या की अधिकतर वारदातों में ज्यादातर घटनाओं का पुलिस ने पटाक्षेप भी किया है। भुंतर में हुए निर्भया रेप एंड मर्डर केस में पुलिस के हाथ खाली थे। शिमला में हुए गुडिय़ा कांड के बाद इस वारदात में भी पुलिस पर दबाव बढ़ा और मामले का पटाक्षेप कर दोषी को सलाखों के पीछे पहुंचाना पुलिस के जरूरी हो गया। इस बीच कुल्लू में शालिनी अग्निहोत्री ने बतौर एस.पी. कार्यभार संभालते ही भुंतर का दौरा किया और वारदात का शिकार बच्ची के परिजनों से मिलकर घटनास्थल का भी दौरा किया। कुछ ही दिनों में पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल दिया। 

सुसाइड मामले में जांच तेज करने के आदेश
वहीं महिला द्वारा सुसाइड की एक वारदात में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बजौरा के ब्राह्मणबेहड़ में महिला द्वारा आत्महत्या मामले में परिजन 2 रोज पहले एस.पी. से भी मिले। एस.पी. ने मामले में कार्रवाई तेज करने के थाना को निर्देश दिए हैं।