यहां MBBS की कक्षाएं शुरू करने की तैयारियों में जुटी सरकार, MCI ने दी मंजूरी

Saturday, Jun 03, 2017 - 12:27 PM (IST)

नेरचौक/चंबा: एम.सी.आई. के आदेशों के बाद अब चंबा और नेरचौक मैडीकल कॉलेज में कक्षाएं शुरू करने को लेकर सरकार तैयारियों में जुट गई है। सरकार जल्द ही एम.बी.बी.एस. की सीटों सहित विभिन्न पदों पर भर्ती कर सकती है। पंडित जवाहर लाल नेहरू मैडीकल कालेज चम्बा में एम.बी.बी.एस. की कक्षाएं इसी शैक्षणिक सत्र से हर सूरत में शुरू होंगी। एम.सी.आई. एक सप्ताह पहले इसी शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं शुरू को लेकर आदेश दे चुकी है। इस मैडीकल कॉलेज में एम.बी.बी.एस. की 100 सीटें भरी जाएंगी, जिससे वर्तमान में प्रदेश के अस्पतालों में चल रही चिकित्सकों की कमी भी शीघ्र दूर होगी। 


100 सीटों को भरने की प्रक्रिया शुरू
इस संबंध में मैडीकल काऊंसिल ऑफ इंडिया के निर्देशों को लागू किया जा रहा है। पूर्व केंद्र सरकार ने हिमाचल के लिए 3 मैडीकल कॉलेज खोलने का ऐलान किया था। केंद्र की मोदी सरकार ने इन कालेजों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। चंबा कॉलेज तो जल्द शुरू हो जाएगा लेकिन हमीरपुर कालेज में अभी कक्षाएं शुरू नहीं हो पाई हैं। वहीं बल्हघाटी के नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री मैडीकल कॉलेज को एम.सी.आई. द्वारा एल.ओ.पी. प्रदान करने से कालेज का इसी सत्र से संचालन होना तय हो गया है। कालेज के प्रधानाचार्य एवं डीन डा. डी.एस. धीमान ने कहा कि एल.ओ.पी. शुक्रवार को मिलते ही कॉलेज प्रबंधक वर्ष 2017-18 के लिए 100 सीटों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर देगा।


क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा
कॉलेज में प्रथम बैच शुरू करने के लिए अनुमति पत्र शुक्रवार को ही जारी कर इस आशय बारे मुख्य सचिव प्रदेश सरकार स्वास्थ्य विभाग को भी अवगत करवा दिया गया है। उल्लेखनीय है कि बल्हघाटी में प्रदेश सरकार द्वारा नेरचौक में कॉलेज एवं अस्पताल चलाने का निर्णय लिया गया था लेकिन लंबे अरसे से एम.सी.आई. द्वारा एल.ओ.पी. प्रदान न करने से अस्पताल संचालन में देरी हो रही थी लेकिन अब एल.ओ.पी. मिलने से वर्ष 2017-18 के लिए 100 विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जिससे क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।