यहां पागल कुत्ते ने मचाई दहशत, आधा दर्जन लोगों को नोचा

Wednesday, May 24, 2017 - 12:14 AM (IST)

सुलह: भवारना थाना के अंतर्गत आते सुलह विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को एक पागल कुत्ते ने 6 लोगों को अपना शिकार बनाया। जस्सू की सलोचना देवी व तन्मय कुमार पुत्र देवेंद्र कुमार सहित हारवारल में भी 2 महिलाओं को कुत्ते ने अपना शिकार बनाया। सलोचना देवी तथा तन्मय को नाजुक हालत के चलते टांडा रैफर किया गया है, वहीं अन्य महिलाओं का सुलह के स्थानीय अस्पताल में ही इलाज किया गया।



जजर गांव में महिला व व्यक्ति को भी नोचा
वहीं जजर गांव में भी एक महिला जब अपने खेतों में कार्य कर रही थी तो अचानक एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने जब उस महिला को कुत्ते से बचाना चाहा तो वह भी कुत्ते द्वारा हमला किए जाने पर गम्भीर रूप से घायल हो गया। उन्हें भी स्थानीय लोगों की मदद से टांडा अस्पताल में भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को मार दिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। 



घायलों का हालचाल पूछने  टांडा अस्पताल पहुंचे विधायक
सुलह के विद्यायक मुख्य संसदीय सचिव जगजीवन पाल ने भी टांडा पहुंच कर सभी घायलों के बारे में जानकारी ली। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले ही बुजुर्ग दुनी चंद व सुरेखा सहित करीब 5 लोगों को आवारा कुत्तों ने शिकार बनाया था। इस घटनाक्रम पर एस.डी.एम. अजीत भारद्वाज ने कहा कि उनके पास सूचना आई है। जिस कारण मैंने वैटर्नरी विभाग को उचित निर्देश दे दिए हैं।