यहां शरारती तत्वों के हौसले बुलंद, आग के हवाले कीं 3 बाइकें

Monday, Oct 02, 2017 - 01:55 AM (IST)

कांगड़ा/नगरोटा बगवां: हिमाचल में कई जगह बाइक जलने की घटनाओं के बाद अब कांगड़ा थाना के अंतर्गत खोली गांव में शरारती तत्वों ने रात्रि 2 बाइकों जला दिया। थाना प्रभारी कांगड़ा कर्ण सिंह ने बताया कि 2 बाइकें (एच.पी. 40बी-6753 व एच.पी. 40बी-9249) रास्ते में लगभग एक-दूसरे से 10 फुट की दूरी पर खड़ी की हुईं थीं। किसी ने रात्रि 10.30 बजे उन्हें आग के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि ये बाइकें राकेश कुमार व राज कु मार निवासी खोली की थीं। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 427 व 435 के तहत मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

अंबाड़ी में भी जलाई बाइक
इसके अलावा पुलिस थाना नगरोटा बगवां के तहत निकटवर्ती ग्राम पंचायत अंबाड़ी में किसी अनजान व्यक्ति ने एक बाइक को आग लगा दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंबाड़ी निवासी राजिंदर कुमार पुत्र जुल्फी राम ने शनिवार रात को अपने घर के बाहर अपनी बाइक (एच.पी. 40-1606) खड़ा किया था कि किसी अनजान व्यक्ति ने रात को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने धारा 435 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन आरंभ कर दी है।