यहां वीकैंड पर 8,000 सैलानियों का उमड़ा सैलाब, Selfie With Snow का दिखा क्रेज (PICS)

Sunday, Jan 29, 2017 - 11:03 AM (IST)

शिमला: वीकैंड पर ऐतिहासिक रिज मैदान के साथ-साथ ऊपरी शिमला के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों का सैलाब उमड़ा। मुख्य रूप से पर्यटन स्थल छराबड़ा, फागू, कुफरी, चीनी बंगला और महासू पीक पर शनिवार को 8,000 से अधिक पर्यटक पहुंचे। इसके साथ ही जिला पुलिस द्वारा की गई गणना के अनुसार शनिवार दोपहर 3 बजे तक उक्त पर्यटन स्थलों पर 2,580 से अधिक पर्यटक वाहन पहुंचे। इनमें 2500 छोटे और 80 बड़े वाहन शामिल हैं। वीकैंड में उमड़े सैलानियों की संख्या को देखते हुए पुलिस विभाग ने भी व्यापक कदम उठाए थे। इसके तहत मुख्य स्थानों सहित ट्रैफिक व्यवस्था का सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक संख्या में जवानों की तैनाती की गई थी। बीते शुक्रवार को भी ऊपरी शिमला में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे थे।


सैल्फी विद स्नो
राजधानी में बर्फ न दिखने पर अधिकतर पर्यटकों ने कुफरी और महासू पीक जाकर वीकैंड मनाया। इस दौरान पर्यटकों में सैल्फी विद स्नो का क्रेज देखने को मिला। जगह-जगह सैलानी बर्फ के साथ खेलते और फोटो खींचते हुए देखे गए।


3 फरवरी को सताएगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत रविवार को भी जिला में मौसम शुष्क बना रहेगा। 30 जनवरी को जिला के कई क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। जिला में 31 जनवरी से दो फरवरी तक मौसम साफ रहेगा, जबकि विभाग ने 3 फरवरी को मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है।