अरे ये क्या! लामा ने कैमिकल से धो डाले ‘भगवान’, पुजारी रह गए हैरान

Saturday, Jul 08, 2017 - 09:04 PM (IST)

मनाली: हिंदू और बौद्ध धर्म के अनुयायियों की आस्था के प्रतीक भगवान त्रिलोकनाथ की मूर्ति को कैमिकल से धो दिया गया है। लाहौल-स्पीति के त्रिलोकनाथ में रविवार को बयारअजी नामक उत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस उत्सव में सप्तधारा नामक धार्मिक स्थान तक भगवान त्रिलोकनाथ को पालकी में बिठाकर लाया जाता है। मान्यता है कि सदियों पहले इसी सप्तधारा में भगवान त्रिलोकनाथ प्रकट हुए थे। इसी उत्सव के चलते बौद्ध अनुयायी व त्रिलोकनाथ के मुख्य लामा हिशे ने भगवान त्रिलोकनाथ की मूर्ति को साफ  करने के लिए कैमिकल का उपयोग कर दिया, जिससे मूर्ति का रंग काला पड़ गया। 

मूर्ति का रंग देख कर हैरान रह गए पुजारी
भगवान त्रिलोकनाथ के पुजारी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि हर रोज की तरह जब शुक्रवार शाम को वह पूजा करने मंदिर गए तो भगवान की मूर्ति का रंग देख कर हैरान रह गए। पूछने पर पता चला कि लामा की अध्यक्षता में मंदिर में साफ -सफाई हुई है तथा लामा द्वारा कैमिकल से मूर्ति को धोया गया है। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत उदयपुर एस.डी.एम. से कर दी गई है तथा मामले की जांच शीघ्र करने का आग्रह किया गया है। पुजारी ने बताया कि मूर्ति को पूरे विधि-विधान अनुसार विशेष दिनों में ही धोया जाता है। उन्होंने बताया कि लामा के इस कार्य से पट्टन घाटी के लोगों को ठेस पहुंची है।