PICS: बर्फ में कैद हुए हिमाचल के पहाड़, अगले 48 घंटे रहें सावधान

Wednesday, Jan 25, 2017 - 02:12 PM (IST)

किन्नौर (विशेषर नेगी):बर्फबारी से सफेद हुए हिमाचल के पहाड़ हसीन हो गए हैं। पहाड़ों पर चारों ओर मनमोहक दृश्य पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। लेकिन सफेद चादर के बीच लिपटे इन घरों में रह रहे लोगो की मुश्किलें बढ़ गई है। लोग बर्फ के बीच कैद हो कर रह गए हैं। किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, चंबा के पांगी भरमौर, शिमला जिले के दुर्गम क्षेत्रों में चारों ओर सफेद चादर बिछी हुई है। यहां रह रहे लोगों का जीवन थम गया है। बर्फ के कारण यातायात भी ठप है। ठंड और बर्फ ने कर्फ्यू लगा दिया है लेकिन किसान बागवान खुशियां मन रहे हैं। आखिर उनके साल की कमाई को पंख लगाने वाली बर्फ आई है। फल पौधों के लिए खास कर सेब के लिए बर्फ अमृत से कम नहीं। इससे पौधों को पर्याप्त ठंडक मिलती है जिससे फसल अच्छी होती है।


बर्फबारी से मार्ग अवरुद्ध
जिले में हो रही बर्फबारी लोक निर्माण विभाग के लिए परेशानी बन सकती है क्योंकि इससे पूर्व हुई बर्फबारी से अवरुद्ध मार्गों को अभी तक लोक निर्माण विभाग बहाल नहीं कर पाया है। अब फिर से हो रही बर्फबारी विभाग के लिए जिले के संपर्क मार्ग बहाल करने में और मुश्किल पैदा कर सकती है। बताया जा रहा है कि किन्नौर में रात से ही रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में यातायात भी बाधित होकर रह गया है। वहीं केलांग में -1.6 तापमान और कल्पा में -1.2 दर्ज किया गया है। लोग घरों के अंदर दुबके रहने को मजबूर हो गए हैं। लेकिन हिमाचल दिवस का तोहफा पहाड़ों को भरपूर मिला है। इससे गर्मियों में पानी की कमी भी नहीं होगी।


अगले 48 घंटों के दौरान बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी
आज सुबह से ही पहाड़ों पर बर्फ और निचले इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिला किन्नौर और लाहुल में पिछले 24 घंटों के दौरान 20 से 40 सेंटीमीटर तक बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। कांगड़ा जिला की धौलाधार की चोटियों पर भी बर्फबारी का क्रम लगातार जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। प्रशासन ने लोगों से एतियात बरतने की सलाह दी है। अब ग्लेशियरों के गिरने का भी खतरा हो गया है। दूसरा बर्फ के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है।