मनाली सहित लाहौल-स्पीति में भारी हिमपात, जनजीवन अस्त-व्यस्त

Saturday, Mar 02, 2024 - 08:56 PM (IST)

मनाली (सोनू): पर्यटन नगरी मनाली सहित लाहौल-स्पीति में भारी हिमपात का क्रम जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में डेढ़ से 2 फुट हिमपात हो चुका है। मनाली के ऊंचाई वाले गांवों सोलंग व कोठी में जनजीवन प्रभावित है, जबकि जिला लाहौल-स्पीति में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। घाटी में हिमपात से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं तथा सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। अधिक हिमपात होने से हिमस्खलन की भी आशंका बढ़ गई है। बीआरओ ने लाहौल की सभी सड़कों को बहाल कर दिया था लेकिन अब हिमपात के कारण फिर से सड़कें बंद हो गई हैं। लाहौल के कोकसर, सिस्सू, गोंदला, दारचा, जिस्पा व नैनगाहर सहित समस्त पट्टन घाटी में भारी हिमपात हुआ है। अटल टनल रोहतांग सहित रोहतांग, कुंजुंम, शिंकुला व बारालाकचा दर्रे में भारी हिमपात का क्रम जारी है। अटल टनल पर्यटकों के लिए बंद कर दी है। पिछले 24 घंटों में अटल टनल के दोनों छोर में 3 फुट हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रे सहित सभी दर्रों में 4 फुट ताजा हिमपात हुआ है।

पर्यटकों ने नेहरूकुंड व बाहंग में लिया बर्फ का आनंद
नेहरूकुंड में हिमस्खलन होने से सोलंगनाला पर्यटकों के लिए बंद रहा। कुछेक पर्यटक फोर बाई फोर वाहनों में सोलंगनाला भी पहुंचे लेकिन अधिकतर ने नेहरूकुंड व बाहंग में ही बर्फ का आनंद लिया। सुबह के समय बर्फ के फाहे गिरते देख पर्यटक होटलों से बाहर निकले और बर्फ के फाहों में झूमे। पर्यटकों ने सभी पर्यटन स्थलों में बर्फ के फाहों का आनंद लिया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay