लाहौल-मनाली में भारी बर्फबारी, घरों में कैद हुए लोग
punjabkesari.in Wednesday, Jan 05, 2022 - 05:12 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): भारी बर्फबारी से लाहौल, मनाली में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला मुख्यालय केलांग में आधा फुट तथा अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में एक फुट से अधिक बर्फ पड़ चुकी है। घाटी में जिंदगी की रफ्तार थम गई है और लोग घरों में कैद हो गए हैं। लाहौल के दारचा, योचे, कोकसर, सिस्सू, प्यूकर, जिस्पा व मायड़ सहित समस्त लाहौल में बर्फबारी हो रही है। दूसरी ओर पर्यटन नगरी मनाली में भी रात भर बारिश जारी रहने के बाद दोपहर से बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया। पर्यटकों के लिए सभी पर्यटन स्थल बंद हो गए हैं। पर्यटक नेहरू कुंड से मनाली के बीच बर्फ का आनंद ले रहे हैं। पर्यटन नगरी में हालांकि बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। अधिकतर पर्यटक होटलों के प्रांगण में ही बर्फ के फाहों का आनंद ले रहे हैं।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया कि 2 दिनों से मनाली में पर्यटकों की आमद घटी है। बर्फबारी पर्यटन के लिए संजीवनी है। मौसम साफ होते ही एक बार फिर पर्यटकों का सैलाब उमड़ेगा और पर्यटन कारोबार गति पकड़ेगा। पर्यटन नगरी में विंटर काॢनवाल की धूम मची हुई है। मनु रंगशाला के इंडोर में सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धाएं सुचारू चली हुई हैं, लेकिन मालरोड में होने वाली गतिविधियों को रोकना पड़ा है। डीसी लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने बताया कि घाटी में सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि भारी बर्फबारी को देखते हुए घरों से बाहर न निकलें। एसडीएम मनाली डाॅ. सुरेंद्र ठाकुर ने पर्यटकों से आग्रह किया है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here