हिमाचल में इस दिन होगी भारी बर्फबारी, मौसम विभाग ने जारी किया यैलो अलर्ट

punjabkesari.in Saturday, Jan 25, 2020 - 09:07 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में एक बार फिर मौसम के कड़े तेवर देखने को मिलेंगे। प्रदेश 27 जनवरी से मौसम बदलेगा और 29 तक खराब रहेगा। मौसम विभाग ने 28 जनवरी को पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी दी है, इसे लेकर यैलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी और तेज ठंडी हवाएं चलेंगी। शनिवार को प्रदेश के अधिकतर इलाकों में मौसम साफ  बना रहा। दिन में अच्छी धूप खिलने से ठंड का असर कम रहा। राजधानी शिमला के मालरोड व रिज मैदान पर लोग दिन भर हल्की धूप सेंकते नजर आए। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश व बर्फबारी नहीं हुई। इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति व किन्नौर का ही न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है जबकि अन्य शहरों का तापमान शून्य से ऊपर दर्ज किया गया।

ये रहा न्यूनतम तापमान

शनिवार की सुबह केलांग का न्यूनतम तापमान -8.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया और यह राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। वहीं किन्नौर के कल्पा में -5 डिग्री, मनाली में 0.8 डिग्री, सोलन में 2.5 डिग्री, कुफ री में 2.8 डिग्री, धर्मशाला में 3.2 डिग्री, मंडी में 4.1 डिग्री, ऊना व सुंदरनगर में 5 डिग्री, डल्हौजी में 5.1 डिग्री, भुंतर में 5.4 डिग्री, शिमला में 5.7 डिग्री, बिलासपुर, चम्बा व पालमपुर में 6 डिग्री, हमीरपुर में 6.2 डिग्री, कांगड़ा में 7.4 डिग्री और नाहन में 8.9 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ। 

क्या कहते हैं मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक

मौसम विज्ञान केंद्र्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 26 जनवरी को मौसम साफ  रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा और इसके प्रभाव से 27 से 29 जनवरी तक मैदानों में बारिश व पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है। 28 जनवरी को शिमला सहित अन्य पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर भारी हिमपात के आसार हैं और इसे लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है। 30 व 31 जनवरी को समूचे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News