हिमाचल को जनवरी माह में मिलेंगे 350 नए चिकित्सक : विपिन परमार

punjabkesari.in Sunday, Dec 15, 2019 - 10:58 PM (IST)

सुलह (ब्यूरो): आयुष्मान और हिमकेयर योजना में प्रदेश के एक लाख जरूरतमंद लोगों के उपचार के लिए करीब 100 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार ने राजकीय उच्च विद्यालय भट्टू समूला के वार्षिक उत्सव तथा नया सवेरा नशा निवारण एवं पुनर्वास संस्था के 12वें वार्षिक समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि जनवरी माह में प्रदेश को 350 नए चिकित्सक उपलब्ध होंगे। उन्होंने भट्टू के लिए भी स्वास्थ्य संस्थान देने की बात कही।

नशे का बढ़ता प्रचलन विश्व और देश के लिए विकराल समस्या

उन्होंने कहा कि नशे का बढ़ता प्रचलन विश्व और देश के लिए एक विकराल समस्या का रूप ले रहा है। दुर्भाग्यवश हिमाचल प्रदेश भी इस समस्या से अछूता नहीं है। सरकार ने मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम तथा नशा निवारण की दिशा में गंभीर प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों और मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया गया जिसका आज समापन है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि नशे को न और जिंदगी को हां ऐसा संकल्प हम सभी यहां से लें तथा इस अभियान को जनांदोलन बनाएं।

37 प्रतिशत गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोग नशे से ग्रसित

उन्होंने कहा कि एक सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार देश के 37 प्रतिशत गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोग शराब और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से ग्रसित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 6 मैडीकल कॉलेज के अतिरिक्त स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा 40 स्थानों पर नशा-निवारण एवं पुनर्वास केंद्र कार्यशील हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे की तस्करी करने वालों के खिलाफ  कानून में आवश्यक संशोधन किया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पहल कर पड़ोसी राज्यों की सरकारों के साथ मिलकर निर्णय लिया कि प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक नियमित रूप से संबंधित सूचना सांझा करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News