स्वास्थ्य मंत्री बोले, मेरा मुख्यमंत्री बनना खुदा की मर्जी

Tuesday, Mar 28, 2017 - 10:36 AM (IST)

नूरपुर: मेरा मुख्यमंत्री बनना उस खुदा की मर्जी है, मेरे चाहने से कुछ नहीं होगा। नूरपुर में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। जब उनसे अगले विस चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री बनने का प्रश्न पूछा तो कौल सिंह ने अपने ही अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि मेरा मुख्यमंत्री बनना मेरे चाहने या आपके कहने से नहीं होगा, वही होगा जो मंजूरे खुदा होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनाना हाईकमान के हाथ में होता है। वह पार्टी के कार्यकत्र्ता हैं और पार्टी के आदेशानुसार पार्टी की सेवा करते रहेंगे। कौल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का कोई मुद्दा नहीं है, लेकिन अगली सरकार कांग्रेस की ही बनेगी और भाजपा के नेता मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखते रह जाएंगे। 


केंद्र की एन.डी.ए. सरकार हिमाचल की विरोधी
पत्रकार वार्ता से पहले जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार को सवा 4 साल का समय हो गया है तथा इस दौरान सरकार ने थोक में विकास कार्य करवाए हैं। कौल सिंह ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार 'सबका साथ सबका विकास' का नारा देती है, लेकिन भेदभाव से काम करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र की एन.डी.ए. सरकार हिमाचल की विरोधी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की कई जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए केंद्र सरकार फंड मुहैया नहीं करवा पाई है। उन्होंने कहा कि इसका जीता-जागता उदाहरण पंचायती राज संगठन को केंद्र द्वारा बिना वित्तीय सहायता दिए लाचार बनाना था।


बोले-अजय महाजन नूरपुर के स्वास्थ्य मंत्री
कौल सिंह ठाकुर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अजय महाजन को सिर्फ विधायक न समझें, बल्कि वो नूरपुर के स्वास्थ्य मंत्री हैं। अजय महाजन जो कुछ भी क्षेत्र के लिए मांगते हैं, वो सब उनको मुहैया करवाया जाता है। कौल सिंह ठाकुर ने जनप्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए कहा कि अगली विस चुनावों में भी नूरपुर से अजय को जिताओ, कांग्रेस सरकार इनको मंत्री बनाएगी।