करसोग में स्वास्थ्य मंत्री ने आशा कार्यकर्ताओं को वितरित किए स्मार्ट फोन

punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2020 - 05:19 PM (IST)

करसोग (ब्यूरो) : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने नागरिक चिकित्सालय करसोग में आयोजित कार्यक्रम में विकास खंड करसोग में सेवाएं दे रही 117 आशा कार्यकर्ताओं को निशुल्क स्मार्ट फोन वितरित किए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन की मदद से आशा कार्यकर्ता अपना काम और बेहतर तरीके से कर सकेंगी। इससे उन्हें डीसीडी, हिमआरोग्य, टीबी मुक्त हिमाचल ऐप, आरसीएच पोर्टल आदि एप्लीकेशन के प्रयोग में आसानी होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को घरद्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए कृतसंकल्प है। इसके लिए स्वास्थ्य महकमे के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रदेश सरकार आशा कार्यकर्ताओं को और संबल देने तथा खण्ड, जिला व राज्य स्तर पर त्वरित सूचना संप्रेषण के लिए स्मार्ट फोन दे रही है। डा. सैजल ने कहा कि कोरोना काल में आशा कार्यकर्ताओं की सेवाओं को सबने सराहा है।
आशा कार्यकर्ताओं ने एक्टिव केस फाईडिंग में बहुत ही सराहनीय भूमिका निभाई है और करोना काल में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए कोरोना योद्धा के रुप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते आशा वर्करों का मानदेय एक हजार से दो हजार रुपये तक बढ़ाया गया है।
करसोग अस्पताल में विशेषज्ञ डाक्टरों के 11 पद भरे
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नागरिक चिकित्सालय करसोग में विशेषज्ञ डॉक्टरों के 15 में से 11 पद भरे जा चुके हैं। जैसे ही डॉक्टरों की भर्ती होगी प्राथमिकता के आधार पर शेष रिक्त पद भरे जाएंगे। करसोग विधानसभा क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में खाली पड़े पदों को भी क्रमबद्ध तरीके से भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 300 स्टाफ नर्सों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
इससे स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी दूर होगी और लोगों को सहुलियत होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा नागरिक चिकित्सालय करसोग का दर्जा 100 से 150 बिस्तर किया है। इसी के अनुरूप अब अस्पताल की मजबूती पर और जोर दिया जा रहा है। इस मौके उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही हिम केयर योजना, आयुषमान भारत योजना, सहारा योजना की भी विस्तृत चर्चा की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rajneesh Himalian

Recommended News

Related News