भंडारे का प्रसाद खाने से बिगड़ी 24 लोगों की तबीयत, अस्पताल में भर्ती

Monday, Mar 04, 2019 - 09:46 PM (IST)

अम्ब: अम्ब से सटे कटौहड़ कलां गांव में स्थित एक मंदिर में शिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य पर आयोजित किए गए भंडारे का प्रसाद खाने से करीब 24 लोगों की तबीयत खराब हो गई। उन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में लाया गया है। इनमें अधिकांश बच्चे व महिलाएं हैं। जानकारी के अनुसार शिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य पर मंदिर में बनाई गई स्यूल के खाने के बाद जब लोग घर पहुंचे तो इस दौरान उन्हें उल्टियां व दस्त आने शुरू हो गए।

सिविल अस्पताल अम्ब में भर्ती हैं 11 लोग

बताया जा रहा है कि कई लोगों को निजी अस्पतालों में व कइयों को सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। अम्ब अस्पताल में तैनात चिकित्सक ऊषा दड़ोच का कहना है कि सिविल अस्पताल अम्ब में फूड प्वाइजनिंग से पीड़ित 11 लोग उपचाराधीन हैं, जिनकी हालत खतरे से बाहर है। देर सायं और लोगों को भी अस्पताल पहुंचाने का क्रम जारी था।

Vijay