हैड कांस्टेबल ने पेश की बहादुरी की मिसाल, खुद घायल होकर दबोचा नशे का सप्लायर

Wednesday, Dec 26, 2018 - 05:55 PM (IST)

पांवटा साहिब (रोबिन): एक हैड कांस्टेबल की जांबाजी ड्यूटी के प्रति कत्र्तव्यपरायणता की जिंदा मिसाल बनी है। खुद घायल होकर हैड कांस्टेबल ने नशे के सप्लायर को मौके पर ही दबोच डाला। आरोपी को दबोचने में हैड कांस्टेबल की एक बाजू फ्रैक्चर हो गई है, जिसे चंडीगढ़ रैफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। बता दें कि नशे का सप्लायर  हरियाणा निवासी 32 वर्षीय प्रदीप कुमार कार में नशे की खेप लेकर जा रहा था। इस दौरान  माजरा थाना के अंतर्गत एस.आई.यू. टीम ने नाहन-पांवटा साहिब सड़क पर हरिपुर खोल के समीप नाकाबंदी की हुई थी। जब आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हुआ तो  हैड कांस्टेबल वेद प्रकाश ने उसका पीछा किया। उसने आरोपी को खाई में छलांग लगाकर दबोच लिया।

चंडीगढ़ के 32 सैक्टर स्थित मैडीकल कॉलेज में किया भर्ती

इस कार्रवाई के दौरान हैड कांस्टेबल बुरी तरह से घायल हो गया तथा उसकी एक बाजू फ्रैक्चर हो गई। इसके बाद हैड कांस्टेबल को पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर चोट होने के कारण उसे चंडीगढ़ के 32 सैक्टर स्थित मैडीकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। उधर, मामले की जानकारी देते हुए डी.एस.पी. हैडक्वार्टर बबीता राणा ने हैड कांस्टेबल की बहादुरी की प्रशंसा की है। बता दें कि आरोपी के कब्जे से पुलिस ने प्रतिबंधित स्पास्मो प्रॉक्सिवोन प्लस के 7200 कैप्सूल और 100 बोतल कफ सिरप बरामद की है। आरोपी नशे का मुख्य सप्लायर है।

Vijay