कुत्ते के लिए तेंदुए से भिड़ गया ‘वो’ और फिर बाथरूम में कर लिया कैद

Thursday, Aug 31, 2017 - 12:12 AM (IST)

आनी: अपने पालतु कुत्ते को बचाने के लिए वो तेंदुए से भिड़ गया। उसके हौंसले और लाठियों के प्रहार से तेंदुआ बाथरूम में जा छुपा और फिर उसने तेंदुए को वहीं कैद कर दिया। यह बहादुरी भरी दास्तां है निरमंड खंड की गडेज पंचायत के कोयल चन्थवा गांव की। हुआ यूं कि चन्थवा गांव के ओम प्रकाश भारद्वाज के आंगन में बंधे पालतू कुत्ते के शिकार में एक तेंदुआ घूम रहा था, जिसकी आहट पाते ही कुत्ता जोर-जोर से भौंकने लगा। जिस पर ओम प्रकाश का परिवार जाग गया। इसी दौरान आस-पड़ोस के बाकी कुत्तों ने भी भौंकना शुरू कर दिया। जब ओम प्रकाश बाहर निकले तो उन्होंने देखा कि तेंदुआ और उनका पालतू कुत्ता गुत्थमगुत्था हैं। पालतू कुत्ते को बचाने के लिए ओम प्रकाश ने डंडा उठाकर तेंदुए पर वार किया।

कुत्ते को छोड़ मालिक पर लपका तेंदुआ
तेंदुआ कुत्ते को छोड़ ओम प्रकाश पर लपका लेकिन तभी मोहल्ले के सारे कुत्ते भी वहां आ गए और तेंदुए पर टूट पड़े। इस लड़ाई में तेंदुआ ओम प्रकाश के बाथरूम में जा घुसा। ओम प्रकाश ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बाथरूम का बाहर से कुंडा लगा दिया। इस तरह तेंदुए को कैद कर लिया गया। इतने में वहां लोग जमा हो गए। फिर वन विभाग को सूचित किया गया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रामपुर से पिंजरा मंगवाया गया जबकि बाद में डी.एफ.ओ. हैडक्वार्टर चंद्रभूषण भारद्वाज और डी.एफ.ओ. आनी वी.के. अग्रवाल सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। डी.एफ.ओ. आनी वी.के. अग्रवाल ने बताया कि तेंदुए को पिंजरे में कैद कर टूटीकंडी स्थित चिडिय़ाघर भेज दिया है।