बी.बी.एन. में बारिश का कहर, उद्योगों में पानी घुसने से करोड़ों का नुक्सान

Sunday, Aug 12, 2018 - 11:02 PM (IST)

बद्दी (आदित्य): बी.बी.एन. के उद्योगों, रिहायशी इलाकों व झुग्गियों में पानी घुसने से करोड़ों का नुक्सान हो गया। लगभग 7 घंटे तक चली इस बारिश ने खूब कहर बरपाया। शनिवार रात करीब 2 बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश लगभग 7 घंटे तक जारी रही। सबसे अधिक नुक्सान झाड़माजरी, बरोटीवाला, बद्दी हनुमान मंदिर के साथ लगते उद्योग, औद्योगिक क्षेत्र थाना, लोदीमाजरा में हुआ है। उद्योगों में पानी घुसने से उनका तैयार व कच्चा माल खराब हो गया। इससे  करोड़ों का नुक्सान हुआ है। फायर अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश के चलते दर्जनों उद्योगों को काफी नुक्सान हुआ है। बद्दी-बरोटीवाला में अनेक झुग्गियां बारिश की भेंट चढ़ गईं। बद्दी चक्का मार्ग, बालद नदी के किनारे, बरोटीवाला व काठा में अनेक स्थानों पर कामगारों की झुग्गियां सामान समेत पानी में बह गईं।

शिवालिक नगर कालोनी में घुसा पानी
शिवालिक नगर कालोनी के अनेक घरों में पानी घुस गया। पानी का बहाव तेज होते देख लोगों को फायर विभाग के कर्मचारियों को बुलाना पड़ा। स्थानीय निवासी सुनील शर्मा, मोनु धीमान, रामजी दास, संजीव कुमार, सुरेश व सुरिंद्र ने बताया कि सैक्टर एक में पानी की निकासी न होने के चलते हर साल बरसात में लोगों को नुक्सान सहना पड़ता है। इस बार भी बारिश से लाखों का नुक्सान हो गया।

डंगा गिरने से उद्योग में 10 लाख का नुक्सान
झाड़माजरी में डी.आई.सी. का डंगा गिर गया। इसके चलते उद्योग की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। दीवार के साथ लगा कू लिंग टावर पानी के बहाव में बह गया व जैनरेटर व अन्य सामान को भी नुक्सान हुआ है। उद्योग के जी.एम. राजेश चड्डा ने बताया कि इस घटना में उद्योग को 10 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। डंगा गिरने से उनके उद्योग के  भवन को भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से इस डंगे को जल्द लगाने की बात कही है ताकि उद्योग का भवन सुरक्षित रह सके।

Vijay