बारिश का कहर : मकान का बरामदा गिरा, 5 मासूम घायल

Tuesday, May 08, 2018 - 09:47 PM (IST)

सुजानपुर: उपमंडल सुजानपुर की पंचायत जंदड़ू के गांव सुखानी में रिहायशी मकान का बरामदा एकाएक गिर गया। बरामदा गिरने से उसके नीचे बैठे 5 बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों में से 4 को मामूली चोटें आई हैं जबकि एक को गंभीर रूप से घायल होने के चलते स्वास्थ्य केंद्र ऊहल में भर्ती करवाया है। घटना सोमवार शाम की है तथा घटना की सूचना मिलते ही सुजानपुर प्रशासन ने हलका पटवारी को मौके पर भेज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार संजय कुमार पुत्र रेलू कुमार निवासी गांव सुखानी का रहने वाला है। बीती शाम लगातार बारिश होने से घर के साथ बना बरामदा गिर गया।


बरामद के नीचे खेल रहे थे बच्चे
जिस समय यह घटना हुई, उस समय बरामदे के नीचे उसकी बेटी-बेटा और अन्य 3 बच्चे खेल रहे थे। घटना में 4 बच्चों को मामूली चोटें आई हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया है जबकि एक लड़की को गंभीर चोटें आने के चलते स्वास्थ्य केंद्र ऊहल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। सुजानपुर प्रशासन की ओर से तहसीलदार सुजानपुर अशोक पठानिया ने पीड़ित परिवार को 2,000 रुपए की राहत राशि मौके पर प्रदान की है और कहा है कि शीघ्र ही पूरे नुक्सान की विस्तृत रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी।

Vijay