मणिकर्ण व आनी में चरस की बड़ी खेप बरामद, नेपाली सहित 2 गिरफ्तार

Thursday, Aug 22, 2019 - 06:20 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप/शम्भू): पुलिस ने मणिकर्ण और आनी में 2.509 किलोग्राम चरस की खेप बरामद की है। मणिकर्ण में चरस बरामदगी के मामले में एक नेपाली सहित 2 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है जबकि आनी में बस अड्डे पर लावारिस बैग में चरस मिली है। पुलिस ने दोनों मामलों मेंमादक द्रव्य अधिनियम के तहत केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है तथा गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।

नेपाली के कब्जे से बरामद की 1.509 किलोग्राम चरस

पुलिस के अनुसार मणिकर्ण पुलिस चौकी की टीम ने गश्त के दौरान जयनाला के पास जब शक के आधार पर नेपाली राजेश कुमार (43) की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 1.509 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करके थाना ले आई, जहां उसने खुलासा किया कि उसने चरस की यह खेप बनोगी क्षेत्र के ज्ञान चंद से लाई है, जिस पर पुलिस ने मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 29 के तहत ज्ञान चंद (50) को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।

लावारिस बैग से मिली 1 किलोग्राम चरस

उधर, आनी में बस अड्डे पर पुलिस को एक लावारिस बैग मिला, जिसमें कुछ सेब मिले और साथ में 1 किलोग्राम चरस की बरामदगी हुई। यह बैग किसका है और कौन चरस की खेप को ठिकाने लगाने वाला था, इस बिंदु पर छानबीन जारी है। आसपास के दायरे में पुलिस कुछ सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल सकती है।

पुलिस को आरोपियों से कई और खुलासों की उम्मीद

उधर, मणिकर्ण में चरस बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को कई और खुलासों की उम्मीद है। कुल्लू के एसपी गौरव सिंह ने दोनों मामले दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ चल रही है और आनी वाले केस में बारीकी से छानबीन की जा रही है।

Vijay