Haroli Utsav: आनंद और उत्साह के शिखर पर सम्पन्न हुआ हरोली उत्सव–2026
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 09:23 AM (IST)
ऊना। बैसाखी की उमंग और लोक संस्कृति के रंगों से सजा राज्यस्तरीय हरोली उत्सव 14 अप्रैल को आनंद और उत्साह के शिखर पर पहुंचकर भव्य समापन के साथ सम्पन्न हुआ। इस बार 11 से 14 अप्रैल तकसोनभद्र के तट पर हरोली मैदान रोड़ा में मनाया गया यह उत्सव अपार जनसमर्थन से जनमन का उत्सव बन गया। उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में रिकॉर्ड तोड़ जनसैलाब उमड़ा। इस दौरान जन-उत्साह अपने चरम पर नजर आया।
समापन समारोह में पूर्व सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल मुख्य अतिथि रहीं, जबकि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि रजनी पाटिल ने हरोली उत्सव के भव्य आयोजन पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री एवं समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने महानगरों में अनेक बड़े आयोजन देखे हैं, लेकिन हरोली की भव्यता और जनभागीदारी ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया है।
उन्होंने उत्सव में महिलाओं और युवतियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन सामाजिक सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने भविष्य में भी इस उत्सव में शामिल होने की इच्छा जताई और कहा कि यह इतना भव्य आयोजन कि प्रयास रहेगा कि इसमें कभी अपने राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी को भी ज़रूर लाया जाए। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सभी को उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुकेश अग्निहोत्री की दूरदर्शी सोच और नेतृत्व ने हरोली को विकास के नए आयाम दिए हैं। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध प्रयासों से हरोली ने शून्य से शिखर तक का प्रेरक सफर तय किया है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों, अधिकारियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह मेला यूं ही मनाया जाता रहेगा। जनता का अपार समर्थन ही इस उत्सव की सबसे बड़ी ताकत है और आने वाले वर्षों में इसे और अधिक भव्यता एवं नवीनता के साथ आयोजित किया जाएगा।
सिया के सौजन्य से फैशन शो बना आकर्षण का केंद्र
हरोली उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय युवा उद्यमिता की झलक भी देखने को मिली। ऊना जिले के युवा उद्यमी अंकुश बड़जाता द्वारा स्थापित क्लोदिंग ब्रांड ‘सिया’ के सौजन्य से आयोजित फैशन शो ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
इस फैशन शो में साड़ी, लहंगा और सूट श्रेणियों में परिधानों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने पारंपरिक और आधुनिक फैशन का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। शो की विशेष आकर्षण रही मिस यूनिवर्स फाइनलिस्ट डॉ. रिजुल, जिनके साथ अन्य पेशेवर मॉडलों ने भी आत्मविश्वास और सौंदर्य से भरपूर रैंप वॉक कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अंकुश बड़जाता का ‘सिया’ ब्रांड आज स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर ऊना और अंब सहित आठ स्थानों पर अपने आउटलेट स्थापित कर चुका है। उल्लेखनीय है कि उन्होंने अपने नवाचारपूर्ण बिजनेस मॉडल के साथ शार्क टैंक इंडिया में भी भाग लेकर सराहना प्राप्त की है। यह आयोजन क्षेत्रीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और युवाओं को फैशन इंडस्ट्री में अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।
संगीतमय समापन ने बांधा समां
अंतिम सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी संगीत जगत के लोकप्रिय कलाकार एमी विर्क और गुरलेज़ अख्तर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से हरोली मैदान, रोड़ा में उमड़े जनसैलाब को झूमने पर मजबूर कर दिया। सुरों और उत्साह के इस संगम ने उत्सव के समापन को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर गगरेट के विधायक राकेश कालिया, बद्दी के विधायक राम कुमार, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, हिमफैड के अध्यक्ष महेश्वर चौहान, हिमकोफेड के अध्यक्ष विक्रम शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, विनोद जिंटा, धर्मेंद्र धामी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, अशोक ठाकुर, पवन ठाकुर, सतीश बिट्टू, विनोद बिट्टू, मेहताब ठाकुर, सुभद्रा चौधरी, सुरेखा राणा, प्रशांत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

