हरोली कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ निकाली प्रभात फेरी, अग्निहोत्री बोले भाजपा डूबता जहाज कांग्रेस की नैया पर हो जाओ सवार

punjabkesari.in Monday, Nov 22, 2021 - 12:30 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में हरोली कांग्रेस ने आज सुबह विधानसभा क्षेत्र के घालुवाल में प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर जुबानी तीर छोड़े। उन्होंने भाजपा को एक बार फिर डूबता जहाज करार देते हुए कहा कि इस डूबते जहाज में सवार जो भी लोग बचना चाहते हैं, वह कांग्रेस की नैया पर सवार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी, अराजकता और माफिया राज फैला कर जनता को पूरी तरह से त्रस्त कर दिया है। अब जनता भी भाजपा के कुशासन से तंग आकर निजात पाना चाहती है। जिसके लिए कांग्रेस से हिमाचल प्रदेश की जनता को काफी उम्मीदें हैं। 

विधानसभा चुनाव के नजदीक आते की राजनीतिक सरगर्मियां जोर पकड़ने लगी है। इसी के चलते नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में हरोली कांग्रेस ने सोमवार सुबह प्रभात फेरी निकालकर जनता को भाजपा सरकार के खिलाफ जागरूक किया। हरोली विधानसभा क्षेत्र के घालूवाल में निकाली गई प्रभात फेरी के दौरान कांग्रेस जनों ने भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी, अराजकता और माफिया राज फैलाने के आरोप जड़े। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा के राज में जनता पूरी तरह से त्रस्त हो चुकी है। एक तरफ भाजपा ने महंगाई के बोझ तले जनता को दबा दिया है वहीं दूसरी तरफ बेरोजगारी के आलम से युवाओं को आत्महत्या करने पर मजबूर होना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में बढ़ रहे अपराध के चलते अराजकता का माहौल पैदा हो चुका है। कानून व्यवस्था का इस तरह से जनाजा निकला है कि हिमाचल प्रदेश में गुंडाराज जैसी परिस्थिति दिखाई दे रही है। बेलगाम माफिया दनदनाता फिरता है और सरकार के साथ-साथ प्रशासन को भी अपने कब्जे में लिए हुए हैं। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल कर कांग्रेस को प्रदेश की बागडोर सौंपेगी और जनता को सुशासन प्रदान करते हुए खुला माहौल प्रदान किया जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News