अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा : 5वीं सांस्कृतिक संध्या में पुलिस के हार्मनी ऑफ द पाइन्स बैंड ने लूटी वाहवाही

Sunday, Oct 09, 2022 - 11:37 PM (IST)

कुल्लू (गीता): हार्मनी ऑफ द पाइंस के कलाकारों ने अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की 5वीं सांस्कृतिक संध्या में खूब रंग जमाया। पुलिस बैंड के इस ग्रुप में सभी पुलिस कर्मी शामिल हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में इन कलाकारों ने खूब नाम कमाया है। लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में मंच पर वर्दी में इन पुलिस कर्मचारियों ने एक के बाद एक दमदार प्रस्तुति से लोगों को नचाया। जाने मन जाने मन तेरे दो नयन, कजरारे-कजरारे तेरे कारे-कारे नैना गाकर इन कलाकारों ने रंग जमाया और लोगों को झुमाया। भारत हमको जान से भी प्यारा है, संदेशे आते हैं संदेशे जाते हैं, दिल गलती कर बैठा है, कोई मिल गया गीतों से भी उन्होंने खूब मनोरंजन किया। मेरी उम्र के नौजवानों, ओम शांति ओम सहित अन्य कई गीत गाकर इन कलाकारों ने दर्शकों को बांधे रखा।

नरेंद्र ठाकुर, कुशल वर्मा व रशिया के कलाकारों ने भी बांधा समां
इससे पहले नरेंद्र ठाकुर ने अपनी सुरीली आवाज से समां बांधा। वहीं कुशल वर्मा, गुलशन ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद चम्बा के कलाकारों ने पारंपरिक ड्रैस में नृत्य किया और कुल्लू के कलाकारों ने नाटी पेश की। हरियाणा के कलाकारों ने नृत्य से लोगों का मन मोहा। वहीं चम्बा के सुनील राणा ने भी गीत पेश किए। इसके बाद फैशन शो में सुंदरियों ने हुस्न के जलबे बिखेरे। बंजार की तीर्थन वैली की धनवंती पंजाबी गीत गाना गाकर वाहवाही लूटी। इसके उपरांत रशिया के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का खूब मनोरंजन किया और मनमोहक नृत्य पेश किए। सांस्कृतिक संध्या में शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। डीसी आशुतोष गर्ग और एसएसपी गुरदेव शर्मा ने गोविंद ठाकुर और उनकी धर्म पत्नी का स्वागत करने के साथ उन्हें सम्मानित किया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay