हवा में लटक रहा ''यहां'' फोरलेन के लिए काटा पेड़, लोग सहमे

Friday, Jul 28, 2017 - 01:17 PM (IST)

सोलन : हिमाचल प्रदेश में सोलन बाईपास पर फोरलेन निर्माण के लिए काटा गया एक बड़ा पेड़ पिछले करीब डेढ़ सप्ताह से हवा में लटक रहा है। इससे नीचे बने मकानों में रहने वाले लोग डरे हुए हैं। यही नहीं, लोगों द्वारा इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ है। गौरतलब है कि परवाणु से चम्बाघाट तक फोरलेन निर्माण का कार्य किया जा रहा है और कई स्थानों पर पेड़ काटे जा रहे हैं। पेड़ों को काटने का कार्य वन विकास निगम द्वारा किया जा रहा है। सपरून चौक से थोड़ा सा आगे और सिनेमा घर के नीचे एक बड़ा पेड़ करीब डेढ़ सप्ताह पहले काटा गया था। यह पेड़ कर्मचारियों द्वारा सही तरीके से नहीं काटा गया जिससे यह दूसरे पेड़ों की टहनियों में ही अटक गया।

हर समय अनहोनी का भय 
अब यह हवा में झूल रहा है। इसके आसपास कई मकान हैं और हर रोज बच्चे यहां से होकर स्कूल जाते हैं व इस स्थान पर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। तेज हवाओं और बारिश के कारण पेड़ की टहनियां टूटकर नीचे गिरती रहती हैं और इससे हर समय अनहोनी का भय बना हुआ है। यह पेड़ कभी भी किसी मकान को दुर्घटनाग्रस्त कर सकता है व जानमाल का नुक्सान होने का भी खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासी ममता डोगरा ने बताया कि इसकी शिकायत संबंधित विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार से की गई लेकिन उन्हें ही उलटा डांट सुननी पड़ी। अभी तक इस पेड़ से पैदा हुए खतरे को देखते हुए इसे हटाने का प्रयास नहीं किया गया है।