Hamirpur: चयन आयोग अब टैबलेट के जरिए लेगा परीक्षाएं, 10 हजार टैबलेट की होगी व्यवस्था

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 09:56 PM (IST)

हमीरपुर (अजय): हमीरपुर स्थित प्रदेश राज्य चयन आयोग में विभिन्न पोस्ट कोड के लिए आवेदन करने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। आयोग द्वारा अब उम्मीदवारों की सीबीटी (कम्प्यूटर बेस्ड टैस्ट) की जगह टैबलेट के जरिए परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। यह जानकारी वीरवार को चयन आयोग में आयोजित प्रैस वार्ता के दौरान आयोग के सचिव डॉक्टर विक्रम महाजन प्रदान की। उन्होंने बताया कि जल्द ही सीबीटी के पुराने पैटर्न की जगह अब टैबलेट के जरिए परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए ट्रायल बेस पर (मॉक) 20 अगस्त को 2 शिफ्टों में टैबलेट आधारित परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आयोग से रजिस्ट्रेशन प्राप्त (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) उम्मीदवार हिस्सा ले सकता है।

उन्होंने बताया कि जिस कंपनी को परीक्षाएं आयोजित करने के लिए हायर किया गया है, उसके माध्यम से अब इस टैक्नोलॉजी में बदलाव होगा और इसके लिए एक महीने का टारगेट तय किया गया है। उसके बाद हिमाचल में जिस भी विभाग में जिन पदों को भरने के लिए परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, वे टैबलेट पर होंगी। डा. विक्रम महाजन ने बताया कि इसके लिए इस मॉक (ट्रायल) में हिस्सा लेने के लिए युवा शुक्रवार सुबह 10.00 बजे से 19 अगस्त तक अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। आयोग की वैबसाइट पर यह लिंक और महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवा दी गई हैं। चयन आयोग के अपने एग्जामिनेशन हॉल में यह मॉक आयोजित की जाएगी। 20 अगस्त को 2 शिफ्ट में 50-50 उम्मीदवार इसमें भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि टैबलेट के जरिए परीक्षा में बेहद पारदर्शिता आएगी। आगामी समय में 10,000 टैबलेट उपलब्ध करवाए जाएंगे।

दस्तावेज से छेड़छाड़ करने और गुमराह करने पर एक उम्मीदवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज
इस दौरान उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित एक पोस्ट कोड के लिए आवेदन करने वाले एक अभ्यर्थी ने एआई जनरेट दस्तावेज अपलोड किए और परीक्षा सैंटरों को लेकर भी आयोग को गुमराह करने की कोशिश की। इस संदर्भ में उस उम्मीदवार की पुलिस से शिकायत कर एफआईआर दर्ज करवाई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News