हिमाचल डबल इंजन सरकार बनाने को तैयार : अनुराग

Sunday, Nov 06, 2022 - 11:55 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): हिमाचल फिर एक बार डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए तैयार खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकल्प से सिद्धि का मंत्र दिया है और हमारा यह संकल्प पत्र विकास के सभी पैमानों पर हिमाचल को देश का अव्वल राज्य बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। यह बात केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कही। सुजानपुर विधानसभा में 7 जनसभाओं को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने संकल्प पत्र में महिला विकास और सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया है। छठी कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा तक की बच्चियों को साइकिल मिलेगी और कालेज जाने वाली बेटियों को स्कूटी मिलेगी।

गर्भवती महिलाओं को अब 6000 नहीं बल्कि 25000 रुपए की मदद मिलेगी और हमारी बहनों को शादी के समय जो शगुन मिलता था वह अब 31000 नहीं 51000 रुपए मिलेगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यदि आप कोई स्वयं सहायता समूह चलाती हैं तो उसके द्वारा बैंक से लिए गए ऋण पर 2 प्रतिशत ब्याज हिमाचल की भाजपा सरकार देगी, जिससे आपकी बचत होगी और अगर आप होमस्टे चलाते हैं तो हिमाचल की भाजपा सरकार आपको बिना ब्याज के पैसा देगी। अनुराग ठाकुर ने इस घोषणा पर विशेष बल दिया कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण भी दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने जन समूह को भाजपा के 11 प्रमुख संकल्पों के बारे में विस्तार से बताया। जिसमें अगले 5 वर्र्षों में युवाओं के लिए 8 लाख रोजगार सृजन करना अहम है।

Content Writer

Kuldeep