Hamirpur: खजाना खाली था तो गारंटियों की घोषणा क्यों की : राणा

punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 06:30 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा है कि 31 अगस्त, 2022 को कांग्रेस द्वारा हिमाचल की जनता के सामने रखी गईं 10 गारंटियों को आज 4 साल पूरे हो गए हैं, लेकिन इन 48 महीनों में अधिकांश गारंटियां धरातल पर उतरने का इंतजार कर रही हैं। राणा ने सवाल किया कि अगर कांग्रेस को पहले से पता था कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब है और खजाना खाली है, तो चुनाव से पहले इन गारंटियों की घोषणा किस वित्तीय आधार पर की गई थी? उन्होंने कहा कि सरकार को अब यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि 10 में से कितनी गारंटियां पूरी हुईं, कितनी अधूरी हैं।

उन्होंने कहा कि हालात ये हैं कि कांग्रेस के कार्यकर्त्ता भी जनता के बीच सरकार की उपलब्धियां गिनाने से कतरा रहे हैं। हिमकेयर योजना को लेकर भी राजेंद्र राणा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस योजना ने प्रदेश के आम परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा दिया था, उसकी व्यवस्था को सरकार ने कमजोर कर दिया है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल 10 गारंटियों पर श्वेतपत्र जारी कर प्रत्येक गारंटी की स्थिति सार्वजनिक करे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep