Hamirpur: भेड़पालकों की 24 बकरियां हुई चोरी, मामला दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Mar 30, 2025 - 11:42 AM (IST)

नादौन, (जैन): थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत रंगस के निकट सलोहा गांव से गद्दी समुदाय के एक भेड़पालक ने उसकी कुल 24 बकरियां चोरी हो जाने की शिकायत पुलिस को दी है। इस संबंध में गद्दी विकास समिति दिल्ली के सचिव शुभम कपूर ने भी उच्चाधिकारियों से फोन पर बात कर पीड़ितों के साथ न्याय की मांग की है। पीड़ित रमेश चंद निवासी महेशगढ़ कंदराल बैजनाथ क्षेत्र ने बताया कि वह अपने 2 अन्य साथियों सहित गत 3 माह से ऊना क्षेत्र में थे।

उन्होंने बताया कि गत 25 मार्च को घर लौटते समय उन्होंने नादौन के सलोहा गांव के पास डेरा डाला था। उस समय रमेश चंद की 150, दूलो राम की 250 तथा जॉनी की 40 बकरियां उनके साथ थीं। उन्होंने बताया कि अगले दिन सुबह जब उन्होंने जीहण गांव की ओर चलना शुरू किया तो रास्ते में संदेह होने पर जब गिनती की गई तो उनकी कुल 24 बकरियां गायब थीं। उन्होंने बताया कि उनकी 5 बकरियां और 2 बच्चे बकरे, दूलो राम की 6 बकरियां और 2 बच्चे बकरे सहित जॉनी की 5 बकरियां, 2 बकरे तथा 2 बच्चे बकरे चोरी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि हर वर्ष वे लोग सर्दियों में पहाड़ों से बकरियां लेकर प्रदेश के मैदानी इलाकों में आते हैं और गर्मियां शुरू होते ही वापस घर लौट जाते हैं परंतु ऐसा उनके साथ पहली बार हुआ है। पीड़ितों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News