बंद कमरे में कटी महिला की चोटी, बेहोशी की हालत में पहुंचाई अस्पताल

Sunday, Aug 13, 2017 - 11:07 PM (IST)

नालागढ़: उपमंडल के मानकपुर में एक प्रवासी महिला की चोटी कट गई। चोटी कटने के बाद महिला बेहोश हो गई और बेहोशी की हालत में उसे नालागढ़ चिकित्सालय में भर्ती करवा दिया गया। पुलिस का कहना है कि महिला के पति ने किसी पर कोई शक नहीं जताया है। जानकारी के अनुसार मानकपुर में किराए के मकान में रहने वाला प्रवासी कामगार मुन्ना लाल अपनी पत्नी कांती देवी के साथ घर में सोया हुआ था। शनिवार मध्य रात्रि अचानक महिला की आंखों में के आगे अंधेरा छाया और उसके बाद उसके बाल कटे हुए पाए गए। महिला के परिजनों का कहना है कि जिस समय बाल कटे, उस समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था। 

महिला को नहीं पता कैसे कटे बाल
बी.एम.ओ. डा. कुलदीप जसवाल ने बताया कि बेहोशी की हालत में एक प्रवासी महिला को चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। महिला की हालत में पहले से सुधार है। महिला ने बताया कि उसे नहीं पता चला कि बाल कैसे कट गए हैं। वहीं डी.एस.पी. राहुल शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी छानबीन की जा रही है।