शिमला-चंडीगढ़ के लिए शुरू हैली टैक्सी सेवा, CM के हेलिकॉप्टर में यात्री करेंगे सफर (Video)

Monday, Jun 04, 2018 - 12:51 PM (IST)

शिमला (विकास): पर्यटन सीजन के चलते शिमला-चंडीगढ़ के बीच हैली टैक्सी सेवा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार सुबह इस सेवा को झंडी दिखाकर पहली उड़ान से रवाना किया। यह सेवा सप्ताह में 2 दिन शुक्रवार एवं सोमवार को चलेगी। इस सेवा के शुरू होने से सैलानी 20 मिनट में ही शिमला से चंडीगढ़ का सफर तय कर लेंगे। शिमला से जुब्बड़हट्टी हवाईअड्डे तक यात्रियों को ले जाने के लिए राज्य पर्यटन विकास निगम की बस उपलब्ध होगी। इसका अलग से 200 रुपए प्रति सीट किराया देना होगा। पहले दिन 18 यात्री शिमला से चंडीगढ़ इस हेली टैक्सी में गए। इसका किराया 3000 रुपए तय किया गया है। शिमला में चल रहे पर्यटन सीजन के मद्देनजर ये फैसला लिया गया है। ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं दी जा सकें। 


जानकारी के मुताबिक शिमला के जुब्बड़हट्टी हवाईअड्डे से ये हैली सेवा चलेगी। एक ही दिन में शिमला-चंडीगढ़ और चंडीगढ़-शिमला के बीच उड़ान भरी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पहले चरण में शुरू की जाने वाली इस हैली टैक्सी के लिए उनका हेलीकाप्टर प्रयोग किया जाएगा। यदि यह सफल रहा तो इस सेवा को नियमित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सेवा से पर्यटकों को शिमला आने-जाने का एक और विकल्प मिलेगा।  


सीएम ने दावा किया कि संभवतय हिमाचल पहला ऐसा राज्य होगा जहां से मुख्यमंत्री की सेवाओं के लिए अनुबंधित विमान को हैली टैक्सी के तौर पर आम यात्रियों और पर्यटकों को सुविधा के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार प्रदेश के पर्यटन कारोबार को गति देने के लिए प्रभावी तरीके से काम कर रही है ये सेवा भी उसी का हिस्सा है। सीएम ने बताया कि जानकरी के मुताबिक आज चंडीगढ़ से शिमला के लिए 20 यात्रियों को बुकिंग है जबकि जुब्बड़हट्टी से पहले से ही 18 यात्रियों ने अपनी सीटें रिजर्व करवाई ही।

Ekta