डल्हौजी में जमकर ओलावृष्टि, भरमौर की पहाड़ियों पर हिमपात

Wednesday, Mar 04, 2020 - 11:37 PM (IST)

चम्बा/डल्हौजी (ब्यूरो): पर्यटन नगरी डल्हौजी में बुधवार को लगभग एक घंटा हुई ओलावृष्टि से सब सफेद हो गया, वहीं भरमौर की मणिमहेश सहित सभी ऊंची पहाड़ियों पर 3 बजे के बाद हिमपात और निचले क्षेत्रों में भारी बारिश से शीतलहर फिर लौट आई है। राहत की बात यह है कि अभी तक बिजली आपूर्ति बहाल है। भरमौर में भी अभी तक सभी मार्ग खुले हैं। जिला मुख्यालय समेत पूरे जिला में जमकर बारिश हुई है। शाम 5 बजे के बाद डल्हौजी से बनीखेत वाहनों की आवाजाही फिसलन के कारण नहीं हो पाई।

जानकारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में आए बदलाव के कारण डल्हौजी में शाम करीब 5 बजेओलावृष्टि शुरू हो गई। ओलावृष्टि के चलते कारण सड़कों पर बर्फ की तरह सफेद चादर बिछ गई। इस कारण कुछ समय के लिए वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, वहीं राहगीरों को भी ओलावृष्टि के कारण काफी मुश्किलें उठानी पड़ीं।

डल्हौजी पहुंचे पर्यटक बिना छाते के ही बाजार में घूम रहे थे। अचानक ओलावृष्टि होने से उनका गंतव्य स्थल तक पहुंचना मुश्किल हो गया। इसके चलते काफी इंतजार करने के बाद जब ओलावृष्टि बंद हुई तो वे अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। बारिश और ओलावृष्टि से समूचे जिले में काफी ठंड हो गई है। ऐसा महसूस हो रहा है जैसे फिर से सर्दी लौट आई हो।

Vijay