हाटी अधिकार मंच की मांग, हाटी मुद्दे पर भाजपा-कांग्रेस के नेता स्पष्ट करें स्थिति

Sunday, May 12, 2019 - 03:36 PM (IST)

पांवटा साहिब (रोबिन): गिरिपार क्षेत्र के युवा संगठन हाटी अधिकार मंच ने भाजपा व कांग्रेस दोनों दलों से साफ शब्दों में कहा है कि दोनों ही प्रमुख दलों के जो भी राष्ट्रीय नेता शिमला संसदीय क्षेत्र में चुनावी जनसभा करने आएं वह हाटी मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करें। हाटी अधिकार मंच के संयोजक इंदर सिंह राणा ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों को स्पष्ट करना चाहिए कि भारतीय समुदाय की जनजाति हक की मांग पर उनका क्या रुख रहेगा।

भाजपा सरकार की विफलता बारे मांगा स्पष्टीकरण

उन्होंने 12 मई को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के नाहन दौरे के दौरान हाटी मुद्दे पर भाजपा सरकार की विफलता के बारे में स्पष्टीकरण देने की मांग की है। उनका कहना है कि ठीक 5 साल पहले एक चुनावी सभा के दौरान नाहन के ऐतिहासिक चौगान से तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने हाटी समुदाय को केंद्र में भाजपा की सरकार बनने पर अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने का वायदा किया था, जिसमें सरकार पूरी तरह से विफल रही है। इस मुद्दे पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को स्पष्टीकरण देना चाहिए।

Vijay