मज़ा आ गया! जाते अप्रैल में भी बर्फ, तापमान में गिरावट से मौसम सुहाना

Sunday, Apr 30, 2017 - 01:35 PM (IST)

शिमला: प्रदेश में मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बदल गया है। ऊंचे पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है तो लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा है। केलांग में बर्फबारी से एक बार रोहतांग पास पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। ऊंचाई वाले कई इलाकों में ओले भी गिरे हैं। किन्नौर, कुल्लू और लाहुल समेत धौलाधार की पहाड़ियां चांदी से चमकने लगी हैं। निचले इलाकों में भी तेज बारिश हुई है। कांगड़ा, शिमला, सिरमौर, मंडी और सोलन में काफी बारिश हुई है। मौसम बदलने से पारा नीजे आ गया है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

ओले-बारिश से किसान-बागवान परेशान
बताया जा रहा है कि ऊंचाई वाले इलाकों में ओले भी गिरे हैं। ओले गिरने से सेब की फसल को नुकसान पहुंचा हैं। सेब के साथ-साथ दूसरे फलों पर भी ओलों की मार पड़ी है जिससे बागवान चिंता हैं। ज्यादा ठंड होने की वजह से फूलों को चिंलिंग इंजरी का भी खतरा बना हुआ है। वहीं निचले इलाकों में ही रही बारिश से गेहूं की कटाई में लगे किसान परेशान हो गए हैं। किसान गेहूं की कटाई में व्यस्त हैं लेकिन बारिश से उनकी फसल को नुकसान होने का खतरा बना हुआ है।

 क्या कहता है मौसम विभाग
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक रविवार को हिमाचल में मौसम खराब रहेगा। कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। पहली मई को मैदानी इलाकों को छोड़कर बाकी प्रदेश में बारिश होने का अनुमान है। दो और तीन मई को ऊंचाई वाले क्षेत्रों को   छोड़ कर अन्य इलाकों में मौसम साफ रहेगा। चार मई को मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। जबकि अन्य क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।

कहां कितनी बारिश-कितनी बर्फ?

जगह            बारिश (मिमी)   बर्फबारी (सेमी)
शिमला           8.3
सुंदरनगर        2.7
भुंतर              0.8
कल्पा             3.2
धर्मशाला       15.4
नाहन            5.0
सोलन           2.4
मनाली          5.0
कांगड़ा          15.2
मंडी              7.8
केलांग           5.0                3.0