नयनादेवी में पूजा-अर्चना के साथ गुप्त नवरात्रे शुरू, पहले दिन उमड़ा आस्था का सैलाब

Wednesday, Feb 02, 2022 - 07:23 PM (IST)

नयनादेवी (मुकेश): हिमाचल प्रदेश के विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में आज से माघ मास के शुक्ल पक्ष के गुप्त नवरात्रे मंत्रोच्चारण व आरती के साथ शुरू हो गए। गुप्त नवरात्रों के उपलक्ष्य पर अब अगले 9 दिनों तक पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से श्रद्धालु नवरात्र पूजन के लिए मां के दरबार में पहुंचेंगे। आज भी नवरात्र शुरू होते ही श्रद्धालुओं ने जहां हवन यज्ञ किया, वहीं कन्या पूजन किया और अपने घर-परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। हिमाचल के शक्तिपीठों पर वर्ष भर में 4 नवरात्रे मनाए जाते हैं, जिनमें 2 गुप्त नवरात्रे (आषाढ़ मास और माघ मास) शामिल हैं। पुजारी दीपक भूषण ने बताया कि गुप्त नवरात्रों के दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में दर्शनों के लिए पहुंचते हैं।

गुप्त नवरात्रों के दौरान ज्यादातर तंत्र पूजन किया जाता है। स्थानीय पुजारी वर्ग द्वारा गुप्ता नवरात्रों के दौरान पूजा-अर्चना शुरू की गई है जोकि 9 दिन तक चलेगी और नवमी के दिन पूर्ण आहुति पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यहां पूजा-अर्चना विश्व कल्याण हेतु और कोरोना महामारी के निवारण हेतु की जाती है। मंदिर न्यास के अध्यक्ष एसडीएम राजकुमार ठाकुर के मुताबिक गुप्त नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वह मास्क लगाकर आएं और कोविड-19 महामारी के प्रोटोकॉल का ध्यान रखें।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay