MBBS में दाखिले को लेकर GS Bali ने घेरी BJP सरकार, दिया बड़ा बयान

Wednesday, Aug 01, 2018 - 05:56 PM (IST)

कांगड़ा: सरकार का प्रदेश के बाहर नौकरियां कर रहे प्रदेशवासियों के बच्चों को एम.बी.बी.एस. में दाखिला न देने का निर्णय अनुचित है। सरकार के इस निर्णय पर मैंने पहले ही प्रश्नचिन्ह लगाया था। यह बात बुधवार को एक पत्रकार सम्मेलन में प्रदेश के पूर्व परिवहन, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री जी.एस. बाली ने कही। उन्होंने कहा कि आज हाईकोर्ट का फैसला इस बारे में आया है और माननीय कोर्ट ने इसे असंवैधानिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई प्रदेश के बाहर नौकरी या व्यवसाय करने जाता है तो उसको उसके हकों से महरूम नहीं किया जा सकता।


सरकार को पहले कानून विशेषज्ञों से करनी चाहिए थी बात
उन्होंने कहा कि ऐसा कानून बनाने के लिए सरकर को पहले कानून विशेषज्ञों से बात करनी चाहिए थी और उनकी राय लेनी चाहिए थी। इसके बाद भी काफी सोच विचार कर फैसला जनहित में लेना चाहिए था। उन्होंने कहा कि उन अधिकारियों से भी पूछताछ होनी चाहिए तथा यह देखना चाहिए कि इसके पीछे कोई षड्यंत्र तो नहीं था, जिन्होंने इस प्रकार की फाइल चलाई थी।


बच्चों के भविष्य का क्या होगा?
उन्होंने कहा कि अब फैसला आने के बाद यह देखना है कि किन बच्चों का हक सरकार के इस निर्णय से छीना गया और किसे-किसे लाभ मिला। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों का भविष्य दांव पर लगा है और जिनको महरूम होना पड़ेगा, उनके भविष्य का क्या होगा? उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिक जानकारी के अनुसार 25-30 बच्चों को इससे वंचित रखा गया है। इनमें से कुछ बच्चे एम.बी..बी.एस. या बी.डी.एस. में जा सकते थे।

Vijay