कांगड़ा को मिलना चाहिए प्रदेश का प्रतिनिधित्व : जीएस बाली

Sunday, Feb 07, 2021 - 11:57 PM (IST)

हमीरपुर (अनिल): कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कांगड़ा को प्रदेश का प्रतिनिधित्व मिलने पर बड़ा बयान दिया है। हमीरपुर में एक सम्मान समारोह में पहुंचे पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांगड़ा को प्रदेश का प्रतिनिधित्व दिए जाने की बात इसलिए की जाती है क्योंकि पंजाब का जो क्षेत्र ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा हिमाचल प्रदेश में मिलाया गया था उसमें बड़ा जिला कांगड़ा है और इस जिलों को प्रतिनिधित्व न मिलने से कहीं न कहीं मन में खटास जरूर रहती है। उनका इशारा था कि इस बार मुख्यमंत्री कांगड़ा जिला से बनाया जाना चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सन्यास की टिप्पणी और बाद में सक्रिय राजनीति में रहने के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और वह कई बार भावुक हो जाते हैं यह बयान भी उन्होंने भावुक होकर दे दिया था इसको गंभीर नहीं लिया जाना चाहिए था। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस बयान को बाद में दुरुस्त कर दिया था, वहीं उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की तरफ से चले अबकी बार सातवीं बार के नारे पर भी बयान दिया है।

पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की तरफ से वीरभद्र सिंह को सातवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का नारा दिया गया था। जीएस बाली से यह सवाल किया गया कि यदि इस बार यह नारा कांग्रेस पार्टी की तरफ से दिया जाता है तो इसका कितना समर्थन करेंगे और उनकी क्या भूमिका रहेगी, इसके बारे में अभी चुनावों को डेढ़ साल का वक्त बाकी है। ऐसे में अभी इस पर बात किया जाना उचित नहीं है। डेढ़ साल बाद परिस्थितियां क्या होंगी, उसके अनुरूप ही कुछ कहा जाएगा।

Content Writer

Vijay