CM बनने के सवाल पर GS Bali ने दिया बड़ा बयान, पढ़िए क्या कहा

Wednesday, Aug 16, 2017 - 11:23 PM (IST)

नाहन: मुख्यमंत्री बनने के लिए अभी सी.एम. की कुर्सी खाली कहां है। अभी कोई राजनीतिक तूफान नहीं है, अभी तो मौसम बिल्कुल साफ है। यह बात परिवहन, तकनीकी शिक्षा, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री जी.एस. बाली ने सर्किट हाऊस में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में कही। उन्होंने मुख्यमंत्री की दावेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर साफ किया कि जब मौका आएगा, तब देखेंगे। अभी तो वीरभद्र सिंह जी हमारे मुखिया हैं। संगठन को सुखविंदर सिंह सुक्खू संभाल रहे हैं और प्रदेश के प्रभारी शिंदे जी बनकर आए हैं। 

पंजा दिखाकर बोले-मेरी सीट पक्की है
उनसे जब यह पूछा गया कि 5 साल में सरकार ने अरबों रुपए के विकास कार्य करने का दावा किया है। चुनाव में कांग्रेस की कितनी सीटें आएंगी, इसके जवाब में परिवहन मंत्री ने बस पंजा दिखाकर कहा कि मेरी सीट पक्की है। उन्होंने कहा कि 5 साल में उन्होंने अपने विभागों में ऐसी योजनाएं लागू कीं, ऐसा सिस्टम तैयार किया कि युवा हमारे जाने के बाद भी याद रखेंगे। जब पूछा गया कि क्या आप राजनीति से रिटायर हो रहे हैं तो वह बोले हम कहीं नहीं जा रहे हैं।

कड़ी कार्रवाई के बाद बंद हुआ टांका लगना 
एच.आर.टी.सी. को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें अपने कर्मचारियों पर कोई शक नहीं है लेकिन नि:संदेह कड़ी कार्रवाई के बाद टांका लगना बंद हुआ है। 36 करोड़ रुपए का राजस्व बढ़ा है। भ्रष्टाचार से संबंधित सभी मामले अदालत से तय हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह नए जिलों के मामले में कांगड़ा को तोडऩे के पक्ष में नहीं हैं। कांगड़ा का विकास एक जिले के रूप में ही संभव है। कांगड़ा में विकास की प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 5 साल में भयमुक्त रोजगारयुक्त योजनाएं दी हैं।