इस बार क्लीन एंड ग्रीन दीपावली के नारों के साथ दीपावली मनाएगा कुल्लू

Saturday, Nov 03, 2018 - 11:08 AM (IST)

कुल्लू : लीक से हटकर काम करने में अग्रणी रहने वाले युवा आई.ए.एस. अधिकारी एवं डी.सी. कुल्लू यूनुस इस बार दीपावली का जश्न क्लीन एंड ग्रीन दीपावली के नारे के साथ मनाएंगे। आई.ए.एस. अधिकारी यूनुस ने देशभर में प्रकृति को समर्पित दीपावली का त्यौहार मनाने की एक नई पहल का ऐलान किया है। प्रदूषण रहित आयोजन करने के लिए परंपरागत तौर-तरीकों को बढ़ावा देने का फैसला लिया गया है। यह पहला मौका होगा जब इस त्यौहार को प्रकृति को समॢपत करते हुए जनसहभागिता के साथ एक इवैंट के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। डी.सी. कुल्लू यूनुस न केवल नियमों को फॉलो करेंगे बल्कि जनसहयोग से इसे मूवमैंट भी बनाएंगे। यह पहली बार होगा जब ब्यास नदी के तट सहित कुल्लू के ढालपुर मैदान में लाखों मिट्टी से बने दीपक जगमगाएंगे।

दीपावली पर शुद्ध रूप से मिट्टी से बने स्वदेशी दीपक को बढ़ावा देने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से चलाई जाने वाली इस मुहिम को ड्रोन की मदद से शूट किया जाएगा। पहली बार किए जा रहे इस अनूठे प्रयोग को लेकर युवा आई.ए.एस. अधिकारी डी.सी. कुल्लू ने कदमताल शुरू कर दी है। यही नहीं, देश और दुनिया से कुल्लू व मनाली आने वाले पर्यटकों को भी स्वच्छ और हरियाली दीवाली का संदेश देने के लिए मिट्टी के दीपक नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे।

जगह-जगह बनेंगे सैल्फी प्वाइंट
दीपावली त्यौहार के दौरान शराब और ड्रग्ज को पूरी तरह से नकारने के लिए एक विशेष मुहिम भी चलाई जाएगी। इसके तहत नुक्कड़ नाटक तथा फ्लैश मॉब्स के आयोजन भी किए जाएंगे। पूरे इवैंट के दौरान जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। पूरे दृश्य को कैमरों में कैद करने के लिए जगह-जगह सैल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

मिट्टी के दीपक बनाने वालों को किया जाएगा प्रोत्साहित 
दीपावली में अधिक से अधिक मिट्टी के दीये जगमगाएं इसके लिए दीपक बनाने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। ऐसे लोगों को उत्पाद बेचने के लिए विशेष रूप से स्टाल भी जगह-जगह उपलब्ध करवाए जाएंगे। क्लीन दीवाली ग्रीन दीवाली के नारे के साथ अनाथ बच्चों द्वारा तैयार किए गए प्रोडक्ट भी विशेष रूप से बिक्री के लिए उपलब्ध करवाए जाएंगे। अनाथ बच्चों के इन प्रोडक्टों को बेचने के लिए नि:शुल्क स्टाल उपलब्ध करवाकर बैंकों सहित अन्य कंपनियों को इन प्रोडक्टों को खरीदने के लिए प्रोत्साहित भी किया जाएगा।

विकट परिस्थितियों में काम करने वालों के साथ व्यतीत कर चुके हैं कई दिन 
युवा आई.ए.एस. अधिकारी यूनुस देशभर में अलग कार्यशैली के लिए पहचाने जाते हैं। पंजाब के तरनतारन के शहीद सैनिक परमजीत सिंह की बेटी को एडॉप्ट करने के साथ-साथ वह सियाचिन और रेगिस्तान में विकट परिस्थितियों में काम करने वाले सैनिकों के साथ कई दिन व्यतीत भी कर चुके हैं। उनकी विकट परिस्थितियों में की जा रही देश सेवा को जानने के लिए आई.ए.एस. अधिकारी कई सौ किलोमीटर का सफर तय कर दोनों स्थानों पर पहुंचे थे। 

 

kirti