वन निगम कर्मचारियों को ग्रैच्युटी व अवकाश नकदीकरण का तोहफा, 11 करोड़ जारी

Sunday, Oct 28, 2018 - 07:50 PM (IST)

शिमला: राज्य वन निगम ने अपने कर्मचारियों को ग्रैच्युटी व अवकाश नकदीकरण के करीब 11 करोड़ रुपए जारी किए हैं। ग्रैच्युटी के 4.50 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। इससे 123 सेवानिवृत्त कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इसी तरह लंबे समय से देय महंगाई भत्ते के तौर पर कर्मचारियों को 86 लाख रुपए के लाभ दिए गए हैं। इससे करीब 1,700 कर्मचारी लाभान्वित होंगे। हिमाचल प्रदेश वन निगम के प्रबंध निदेशक बी.डी. सुयाल ने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी नीतियों में कर्मचारियों के हितों का विशेष ध्यान रखा है। सी.एम. जयराम ठाकुर के प्रगतिशील नेतृत्व तथा वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के दूरदर्शी निर्देशों के फलस्वरूप वन निगम कर्मचारियों के हितों को पूरा करने की दिशा में अग्रसर हो रहा है। वन मंत्री के निर्देशों पर पहली जनवरी, 2016 से 31 दिसम्बर, 2016 तक सभी कर्मचारियों के करीब 150 लाख रुपए की अंतरिम राहत की राशि जारी की जा चुकी है।

छोटे कर्मचारियों को मिलेगा समुचित बोनस
छोटे कर्मचारियों जो बोनस एक्ट के तहत आते हैं, उनको समुचित बोनस देने के भी निर्देश दिए गए हैं। फैक्टरी वर्कर्ज को सेफ्टी शूज तथा जैकेट्स दिए जा चुके हैं ताकि उन्हें कार्य करने में कोई परेशानी न हो। इसके अलावा वन मंत्री ने दैनिक भोगी फैक्टरी वर्कर्ज को सरकार की नीति अनुसार चरणबद्ध पक्का करने के लिए समुचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। बी.डी. सुयाल ने कहा कि निगम ने जनवरी, 2018 से सितम्बर, 2018 तक 1,924 लाख रुपए की रॉयल्टी के अलावा 1,851 लाख रुपए का जी.एस.टी. भी इसी साल सितम्बर तक अदा किया जबकि इसी अवधि में साल 2017 में 1,262 लाख रुपए टैक्स का भुगतान किया गया था।

Vijay