HRTC बसों में लगेगा GPS, परिवहन मंत्री ने इस कारण बनाई योजना

Sunday, Feb 11, 2018 - 11:29 AM (IST)

मनाली (सोनू): स्मार्टफोन में जी.पी.एस. के चलते उसकी लोकेशन को ट्रेस किया जाता है। अब हिमाचल प्रदेश की सरकारी बसें जी.पी.एस. से नजर रहेगी। हिमाचल प्रदेश के वन, परिवहन एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने बताया कि यहां बस में सफर कर रहे सैलानी व यात्रियों की सुरक्षा के चलते इन बसों में ग्लोबल पॉजीशनिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे किसी भी स्थिति में बसों की लोकेशन को ट्रेस किया जा सकेगा। 


उन्होंने कहा कि इस सिस्टम के लगने से आपातस्थिति व किसी भी कठिनाई में बसों की स्थिति का सैटेलाइट द्वारा पता लग सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई ऐसे बस रूट हैं, जहां ऐसी स्थितियां बनती रहती हैं तथा सवारियों को असुविधा झेलनी पड़ती है। उस स्थिति में जी.पी.एस. से बस की लोकेशन का पता चल सकेगा। मंत्री के इस निर्णय से लोगों में उत्साह है कि यदि इस तरह का सिस्टम बसों में लगता है तो बसों की सही पॉजीशन का पता तो चलेगा। साथ ही आपातकालीन सहायता के लिए एक बेहतर जरिया बनेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में बसों को जी.पी.एस. लैस बनाने की योजनाओं को साकार किया जाएगा।