हाथ मिलाने वाली चाहिए सरकार, झगड़े करने वाली नहीं : गडकरी

Thursday, Nov 02, 2017 - 09:29 AM (IST)

आनी: केंद्रीय भूतल परिवहन एवं राष्ट्रीय उच्च मार्ग, शिपिंग और वाटर रिसोर्स मंत्री नितिन गडकरी ने निरमंड के रामलीला मैदान में कहा कि यह चुनाव प्रेम कुमार धूमल या वीरभद्र सिंह के भविष्य को तय करने के लिए नहीं है, बल्कि प्रदेश के भविष्य की तकदीर तय करने के लिए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही वे प्रदेश में डीजल-पैट्रोल की गाड़ियों के स्थान पर सस्ती व किफायती प्रदूषण मुक्त इलैक्ट्रिक गाडिय़ां चलाएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में पूरे देश में मात्र 7021 राज मार्ग थे, जिनकी संख्या देश की भाजपा सरकार के सत्ता संभालते ही कई गुणा बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश को 4400 किलोमीटर लंबे 69 राष्ट्रीय उच्च मार्ग स्वीकृत किए गए हैं, जिन पर करीब 50000 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जाएगी।

पुराने माल को अब डिब्बे में बंद कर दो
पहाड़ों के गांव को एक-दूसरे से जोड़ने के लिए हिमाचल में केबल कारें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार केंद्र से झगड़ा करने वाली नहीं, अपितु हाथ मिलाने वाली चाहिए। उन्होंने कांग्रेस की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनके राज में सिर्फ  चंद लोगों का ही विकास हुआ है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि पुराने माल को अब डिब्बे में बंद कर दो। इससे पूर्व भाजपा प्रत्याशी किशोरी लाल ने भी चुनावी जनसभा को संबोधित किया। सभा के बाद गडकरी मुख्य बाजार से मोटरसाइकिल पर अपनी गाड़ी तक गए।