किंग मेकर की भूमिका निभा रहे गोवा व मणिपुर के राज्यपाल : वीरभद्र

Wednesday, Mar 15, 2017 - 12:14 AM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विधानसभा चुनाव के बाद गोवा तथा मणिपुर के राजनीतिक घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में गोवा तथा मणिपुर के राज्यपालों पर किंग मेकर की भूमिका निभाने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ही राज्यपाल भाजपा के लिए किंग मेकर की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का तकाजा यह है कि सबसे बड़े दल को सरकार बनाने का न्यौता दिया जाए। उन्होंने कहा कि गोवा तथा मणिपुर में कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सामने आया है, ऐसे में सरकार बनाने के लिए भाजपा को न्यौता देना लोकतंत्र के खिलाफ है। 

भाजपा को सरकार बनाने का न्यौता गैर-संवैधानिक 
मुख्यमंत्री ने गोवा और मणिपुर में भाजपा को सरकार बनाने के लिए राज्यपाल की तरफ से दिए गए न्यौते को गैर-संवैधानिक और लोकतंत्र परम्पराओं के विपरीत बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव में अधिक सीटें जीतने वाले दल को ही राज्यपाल सरकार के गठन को मौका देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल को सबसे अधिक सीटें जीतने वाले दल को सदन में बहुमत साबित करने का मौका दिया जाना चाहिए था।