लवी मेले का राज्यपाल ने किया आगाज, मैदान में सजी हैं कई डिशें

Saturday, Nov 11, 2017 - 07:58 PM (IST)

शिमला: अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का आज राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने शुभारंभ किया। संबोधन के दौरान राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को लवी मेले की बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश भर में चलाई गई बेटी बचाओ मुहिम सराहनीय है। देश की प्रगति के लिए महिलाओं की भूमिका अहम है। महिलाएं तभी सहयोग कर पाएंगी, जब बेटियों को बचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लवी मेले को अंतरराष्ट्रीय दर्जा दिलाने में सभी लोगों का सहयोग रहा है। कहा कि मेले और उत्सव राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।। पुरातन वैभव को बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। 
राज्यपाल ने लवी मेले में प्रदर्शनियों का उद्घाटन भी किया। प्रदर्शनी में कृषि, बागवानी, सौर ऊर्जा, पशुपालन, स्वास्थ्य, एनजेपीसी ने स्टाल लगाए हैं।

वीसी फारका करेंगे समापन
लवी मेले का आयोजन आज से 14 नवंबर तक होगा। प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव वीसी फारका लवी मेले का समापन 14 नवंबर को करेंगे। इस दौरान उपायुक्त और मेला कमेटी अध्यक्ष रोहन चंद ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष मीना कुमारी सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।  

व्यापारियों ने रामपुर में डाला डेरा
रामपुर में आज अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के चलते व्यापारी वर्ग ने अपने दुकानें सजा दी हैं। मैदान में स्टाल व दुकानों को व्यापारीवर्ग ने सजाया हुआ है।

पहाड़ी डिशों के लगे हैं स्टाल
रामपुर मैदान में पहाड़ी डिशें सजी हुई हैं। यहां के स्थानीय लोग इनका मजा ले रहे हैं। लोगों में इनको लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। स्टालों के पास लोगों की काफी भीड़ लगी हुई है।

ये कलाकार मचाएंगे धमाल
कल सुप्रसिद्ध पाश्र्व गायक अमित शर्मा और साबरी भट्टाचार्य धमाल मचाएंगे। 13 नवंबर को हिमाचल के लोक नृत्य और पहाड़ी कलाकार इंद्रजीत सिंह और दलीप सिरमौरी अपने रंगों का जादू बिखेरेंगे। 14 नवंबर को होने वाली स्टार नाइट में कुमार साहिल, प्रियंका नेगी और बबल राय दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।