कृषि विश्वविद्यालय में राज्यपाल ने नवाजे 346 मेधावी छात्र, 8 छात्राएं गोल्ड मेडल से सम्मानित

Thursday, Dec 06, 2018 - 10:50 AM (IST)

पालमपुर (भृगु): कृषि विश्वविद्यालय के 15वें दीक्षांत समारोह में 346 उपाधिधारकों को उपाधि पत्र प्रदान किए गए। 144 उपाधिधारकों ने खुदयं उपस्थित रहकर उपाधि पत्र प्राप्त किए जबकि 202 को अनुपस्थिति में उपाधि पत्र प्रदान किए जाने की औपचारिकताएं पूरी की गईं। समारोह में कृषि मंत्री डा. रामलाल मारकंडा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे जबकि सांसद शांता कुमार समारोह में विशिष्ट अतिथि थे। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आचार्य देवव्रत ने की। दीक्षांत समारोह के दौरान 346 उपाधिधारकों में से 99 स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम तथा 18 पीएच.डी. पाठ्यक्रम से संबंधित थे। 8 उपाधिधारकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

इन्हें प्राप्त हुए स्वर्ण पदक

दीक्षांत समारोह में 8 उपाधिधारकों को स्वर्ण पदक भी प्रदान किए गए। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में बी.एससी. ऑनर्स एग्रीकल्चर की दामिनी को 8.55 ओ.जी.पी.ए, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय की पल्लवी चौहान को स्नातक पाठ्यक्रम में 8.105 ओ.जी.पी.ए., गृह विज्ञान महाविद्यालय की दिव्या को बी.एससी. होम साइंस ऑनर्स में 7.74 ओ.जी.पी.ए., बी.एससी. हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन की चंदन रानी को 8.04 ओ.जी.पी.ए., बी.टैक फूड साइंस एंड टैक्नोलॉजी की विभूति शर्मा को 8.46 ओ.जी.पी., बी.एससी. की दीक्षा को 8.57 ओ.जी.पी.ए., स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में अंजलि को 8.98 ओ.जी.पी.ए. तथा पीएच.डी. कार्यक्रम में उर्वी शर्मा को 8.84 ओ.जी.पी.ए. प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। 5 छात्रों ने स्वयं उपस्थित रहकर स्वर्ण पदक प्राप्त किए जबकि 3 अनुपस्थित रहीं।

पूर्व छात्र सम्मानित

विश्वविद्यालय द्वारा पहली बार 3 पूर्व छात्रों को उत्कृष्ट पूर्व शिक्षार्थी सम्मान से सम्मानित किया गया। इनमें अध्यक्ष कृषि लागत एवं मूल्य आयोग प्रो. विजय पाल शर्मा (1980-85) के अतिरिक्त शेरे कश्मीर कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार शर्मा (1970-74) तथा हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष, सेवानिवृत्त मेजर धर्मवीर सिंह राणा (1977-79) को उनकी विशिष्ट सेवाओं के दृष्टिगत स्मृति चिन्ह व स्मृति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त पूर्व छात्रों द्वारा आरंभ की गई छात्रवृत्तियां भी छात्रों को प्रदान की गई। कृषि मंत्री रामलाल मारकंडा ने कृषि महाविद्यालय के स्नातक प्रथम वर्ष ऋतिक डोगरा, श्रेया गुलेरिया व कृति शर्मा को मेधावी छात्रवृत्ति से सम्मानित किया।

Ekta