राज्यपाल ने कुल्लू पहुंचकर सदमे में कर्ण सिंह की पत्नी को बंधाया ढांढस, नम हुई आंखें

Sunday, May 21, 2017 - 12:46 PM (IST)

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने रविवार सुबह कुल्लू पहुंचकर दिवंगत कर्ण सिंह की पत्नी शिवानी सिंह को ढांढस बंधाया। बताया जाता है कि हिमाचल सरकार में आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री रहे कर्ण सिंह का 13 मई रात को निधन हो गया था। वह बीते 18 अप्रैल से एम्स दिल्ली में उपचाराधीन थे। राज्यपाल ने कर्ण सिंह की पत्नी शिवानी सिंह से करीब 20 मिनट तक बातचीत की। इस दौरान माहौल गमगीन बना रहा।


कर्ण सिंह की पत्नी की नम हुई आंखें
राज्यपाल के पहुंचते ही शिवानी सिंह अपने पर काबू न रख पाईं, उनकी आंखें नम हो गईं। राज्यपाल भी एक पल के लिए आंखों में अपने दर्द को छिपा न पाए। उन्होंने शिवानी के सिर पर हाथ रखकर उसे हौसला दिया। इस दौरान दिवंगत कर्ण सिंह के बड़े भाई विधायक महेश्वर सिंह भी मौजूद रहे।


नेकदिल व स्वच्छ छवि के व्यक्ति थे कर्ण
राज्यपाल ने कहा कि कर्ण सिंह नेक इंसान ही नहीं थे बल्कि स्वच्छ छवि के नेता भी थे। उन्होंने कहा कि वह वीरभद्र मंत्रिमंडल में ऐसे मंत्री थे जिनके प्रति कोई आरोप नहीं था। कर्ण का सम्मान सिर्फ पक्ष के लोग ही नहीं विपक्ष के लोग भी करते थे।