राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरे का श्रीगणेश

Friday, Oct 19, 2018 - 10:36 PM (IST)

कुल्लू: एक सप्ताह तक चलने वाला अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कुल्लू के प्रसिद्ध ढालपुर मैदान में भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा में भाग लेकर किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर दर्शना देवी भी उपस्थित थीं। दशहरे के पावन अवसर पर प्रदेश के लोगों को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह उत्सव बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की संस्कृति बहुत समृद्ध व अद्वितीय है, जिसकी विश्व भर में अलग पहचान है। प्रदेश में वर्ष भर आयोजित होने वाले मेले और त्यौहार यहां के लोगों की समृद्ध परम्पराओं और धार्मिक आस्था को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में भी प्रदेश के लोगों ने अपनी समृद्ध संस्कृति और रीति-रिवाजों को संरक्षित रखा है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इन परंपराओं और संस्कृति को भविष्य की पीढिय़ों के लिए संरक्षित रखने की आवश्यकता है।

संगठनों द्वारा लगाई प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
राज्यपाल ने इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों और गैर-सरकारी संगठनों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया और स्टालों पर जाकर विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया। कुल्लू दशहरा उत्सव में इस वर्ष क्षेत्र के लगभग 225 देवी-देवता शामिल हुए हैं। शनिवार तक और देवी-देवताओं के ढालपुर पहुंचने के आसार हैं। इससे पहले, आचार्य देवव्रत का भुंतर हवाई अड्डे पर पहुंचने पर स्वागत किया गया। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी व अन्य गण्यमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित थे।

Vijay