हाथ मिलाओ या फिर जेल जाओ की नीति पर काम कर रही सरकार : राणा

Saturday, Nov 23, 2019 - 04:36 PM (IST)

हमीरपुर : महाराष्ट्र में नाटकीय अंदाज में भाजपा द्वारा सरकार बनाने को लेकर सुजानपुर से कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि इस सरकार को न कानून का डर रहा है और न ही कोई परवाह की जा रही है। चोरों की तरह सत्ता हथियाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। महाराष्ट्र में सरेआम लोकतंत्र की हत्या कर दी गई। विपक्षी पार्टी के नेताओं को ई.डी. व सी.बी.आई. का डर दिखाकर धौंस जमाई जा रही है। हाथ मिलाओ या फिर जेल जाओ की नीति पर सरकार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि गोवा में भी खरीद-फरोख्त कर सत्ता हथियाई थी और यहां पर दबाव की राजनीति से सत्ता हथियाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा क्या कारण रहे कि शपथ ग्रहण समारोह एक बंद कमरे में किया गया। देश की जनता भी केंद्र सरकार से सवाल पूछ रही है कि महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन कब हटा। रातोंरात सरकार बनाने का दावा कब पेश किया गया। कब विधायकों की सूची पेश की गई तथा कब राज्यपाल के समक्ष विधायक पेश हुए और चोरों की तरह शपथ क्यों ली गई। क्या महाराष्ट्र में इलैक्ट्रोल बांड घोटाले की किस्त से भाजपा ने सरकार बनाई।

उन्होंने कहा कि सुबह सवा 5 बजे राष्ट,पति शासन हटाया जाता है और 8 बजे भाजपा की सरकार बन जाती है। राज्यपाल ने संविधान का फर्ज और नमक का कर्ज में से नमक के कर्ज को उतारने में भलाई समझी। चोरों व कायरों की तरह सरकार बनाकर भाजपा देश की जनता व पूरी दुनिया में क्या संदेश देना चाहती है। उन्होंने व्यंगय कसा कि देश में अर्थव्यवस्था डांवाडोल है तो इसका मतलब यह नहीं है कि मंदी के इस दौर में सस्ते में बंद कमरे में शपथ निपटा ली जाए। उन्होंने कहा कि देश बुरे दौर से गुजर रहा है, जहां तानाशह सरकार हावी हो गई है। अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को जांच एजेंसियों से डराया-धमकाया जा रहा है, जोकि किसी भी लोकतांत्रिक देश के लिए शर्मनाक व चिंतनीय है।

Edited By

Simpy Khanna