केंद्र सरकार के 4 साल पर आज जश्न मनाएगी सरकार

Saturday, May 26, 2018 - 12:00 AM (IST)

शिमला: मोदी सरकार का 4 साल का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर शिमला में शनिवार को कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शिमला के पीटरहॉफ में होने वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अपने बजट भाषण में घोषित 3 नई योजनाओं को लांच कर सकते हैं। इसमें जन शिकायतों के मौके पर निवारण के लिए जनमंच के अलावा मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना तथा हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना की लॉन्चिंग की जा सकती है।


जनमंच कार्यक्रमों का होगा आयोजन
प्रशासन में और अधिक दक्षता लाने तथा सुशासन सुनिश्चित बनाने के लिए प्रदेशभर में जनमंच कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों तथा सरकार के बीच अंतर को कम करना तथा घर-द्वार लोगों की समस्याओं का निवारण करना है। इससे विभिन्न सेवाएं प्राप्त करने के लिए लम्बी दूरी तय करके जिला तथा राज्य मुख्यालयों में पहुंचने वाले दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों के परिश्रम तथा समय की बचत होगी। 


जनता तक पहुंचाई जाएंगी उपलब्धियां
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि केंद्र सरकार के 4 साल पर भाजपा प्रदेशभर में जश्न मनाएगी। इसके तहत केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार की 4 साल की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने पर प्रदेश को एम्स, आई.आई.एम., 69 एन.एच., ऊना में पी.जी.आई. चंडीगढ़ का सैटेलाइट सैंटर, 2 स्मार्ट सिटी व केंद्रीय विश्वविद्यालय के अलावा 4 मैडीकल कालेजों के लिए धन उपलब्ध करवाया है।

 

Vijay