सरकारी योजना के लिए 6 वर्ष से चक्कर काट रही 3 बच्चियों की मां, पति का हो चुका है निधन

Sunday, Jun 30, 2019 - 09:42 AM (IST)

नाहन : एक तरफ सरकारों द्वारा गरीब लोगों के उत्थान के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं, लेकिन धरातल पर इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरतमंदों को दर-दर की ठोकरें खानी पड़ती हैं। ऐसा ही मामला जिला सिरमौर की तहसील संगड़ाह की शिवपुर पंचायत में सामने आया है। पंचायत की संगीता देवी पत्नी इंद्र सिंह के पति व सास-ससुर के निधन के बाद 3 छोटी बच्चियों सहित यह गरीब महिला जिंदगी की जंग लड़ते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ लेने को ग्राम पंचायत व सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।

सरकारी लाभ के नाम पर आज तक महिला को केवल विधवा पैंशन मिल रही है। इसके अलावा सभी योजनाएं उससे दूर हैं। संगीता देवी ने कहा कि उसके पति का निधन वर्ष 2013 में हुआ था। धक्के खाने के बाद विधवा पैंशन 2015 से मिलनी शुरू हुई। पैंशन के सहारे वह अपनी 3 बेटियों को पाल रही है। सरकार द्वारा शौचालय बनाने के लिए योजना है, गरीब लोगों को घर बनाने के लिए योजना है, बी.पी.एल. सूची में नाम दर्ज करने की योजना है, लेकिन उसके लिए ये सभी योजनाएं सिर्फ कागजों तक ही सीमित होकर रह गई हैं।

संगीता ने कहा कि ग्राम पंचायत में उक्त योजनाओं का लाभ लेने के लिए वह बार-बार जाती है, लेकिन उसे वहां से पंचायत प्रधान व सचिव द्वारा गालियां देकर भगा दिया जाता है। उसकी हालत इतनी खराब है कि 3 बच्चियों को खाना कैसे खिलाया जाए, इसकी ङ्क्षचता सताती रहती है। उसे आज तक बी.पी.एल. सूची में भी नहीं डाला गया है। उसे शौचालय योजना का भी लाभ नहीं मिल पा रहा है। मोदी सरकार द्वारा गैस कनैक्शन के लिए योजना बनाई गई है, लेकिन इसका लाभ ही उसे नहीं दिया जा रहा है।

 

kirti